विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह की मौजूदगी में जनकल्याण शिविर बना विकास और कौशल संवर्धन का केंद्र,युवाओं को मिली आईटीआई प्रवेश की जानकारी।

 विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह की मौजूदगी में जनकल्याण शिविर बना विकास और कौशल संवर्धन का केंद्र,युवाओं को मिली आईटीआई प्रवेश की जानकारी।

ढीमरखेड़ा में विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह,कलेक्टर आशीष तिवारी और एसपी अभिनय विश्वकर्मा की उपस्थिति में आयोजित शिविर में 70 आवेदन पंजीकृत,मौके पर हुआ आईटीआई प्रवेश पंजीयन एवं हितलाभ वितरण।

कटनी,ग्रामीण खबर MP।

शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा युवाओं को रोजगार एवं कौशल विकास से जोड़ने के उद्देश्य से विकासखंड ढीमरखेड़ा में आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर का शुभारंभ सोमवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। शिविर में एक ओर जहां विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने की पहल की गई, वहीं दूसरी ओर “आईटीआई चलो अभियान” के अंतर्गत युवाओं को तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

शिविर में विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह, कलेक्टर आशीष तिवारी तथा पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा की विशेष उपस्थिति रही। जनकल्याण शिविर के पहले दिन विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 70 आवेदन पंजीकृत किए गए, जिनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।

अपने संबोधन में विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनहितकारी योजनाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा और व्यापारी वर्ग तक प्रभावी रूप से पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि जनकल्याण शिविरों का उद्देश्य पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ उनके घर के नजदीक उपलब्ध कराना है, जिससे किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को सरकारी सहायता प्राप्त करने में कठिनाई न हो।

कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि जनकल्याण शिविर शासन की लगभग 110 योजनाओं और सेवाओं को एक ही मंच पर उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि पात्र हितग्राहियों को बिना अनावश्यक विलंब के योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।

शिविर का प्रमुख आकर्षण “आईटीआई चलो अभियान” रहा, जिसके तहत शासकीय आईटीआई द्वारा प्रवेश सत्र 2026-27 के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं। बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीण युवाओं, विद्यार्थियों और अभिभावकों को आईटीआई में उपलब्ध विभिन्न ट्रेडों, प्रशिक्षण सुविधाओं, रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं, अप्रेंटिसशिप योजनाओं तथा प्रवेश प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

प्रवेश एवं प्रचार-प्रसार प्रभारी अनिल कुमार तिवारी ने उपस्थित युवाओं को ऑनलाइन पंजीयन और चॉइस फिलिंग की संपूर्ण प्रक्रिया समझाई तथा अधिक से अधिक संख्या में आवेदन करने के लिए प्रेरित किया। उनके मार्गदर्शन में इच्छुक विद्यार्थियों का मौके पर ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन एवं चॉइस फिलिंग कराई गई। साथ ही प्रवेश के लिए आवश्यक दस्तावेजों तथा अन्य औपचारिकताओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।

आईटीआई अधिकारियों ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी शिक्षा रोजगार प्राप्त करने का प्रभावी माध्यम बन चुकी है। आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं के लिए उद्योगों, निजी प्रतिष्ठानों और विभिन्न शासकीय क्षेत्रों में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होते हैं। उन्होंने युवाओं से प्रवेश सत्र 2026-27 की अंतिम तिथि से पूर्व पंजीयन एवं चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान विधायक, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की। महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर स्थानीय पारंपरिक एवं देशी व्यंजनों का अवलोकन कर उनका स्वाद भी लिया गया। इसके पश्चात अन्य विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

शिविर में विभिन्न हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी वितरित किया गया। विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह और कलेक्टर आशीष तिवारी ने दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल तथा विद्यार्थियों को साइकिल प्रदान की। इसके अतिरिक्त संबल योजना के अंतर्गत अनुग्रह राशि, लाड़ली लक्ष्मी योजना के आश्वासन प्रमाण-पत्र तथा अन्य हितलाभ भी पात्र लाभार्थियों को वितरित किए गए। शिविर में आधार कार्ड संबंधी समस्याओं के निराकरण तथा आयुष्मान कार्ड निर्माण के लिए विशेष स्टॉल भी लगाए गए, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन के साथ मां सरस्वती के तैल चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई कि तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर का आयोजन आगामी 16 जून एवं 18 जून को भी किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीणजन शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

शिविर में एसडीएम निधि सिंह गोहल, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता संतोष दुबे, जनपद पंचायत सीईओ यजुवेंद्र कोरी, मण्डल अध्यक्ष आशीष चौरसिया, नरेंद्र त्रिपाठी, अजय सोनी, मनीष सिंह बागरी, प्रशांत राय सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post