पथवारी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस,सामूहिक योगाभ्यास से दिया निरोगी जीवन का संदेश।
ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति,शासकीय माध्यमिक शाला एवं भाजपा मंडल विलायत कलां के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ विशाल योग कार्यक्रम,बड़ी संख्या में ग्रामीणों,विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों ने की सहभागिता।
पथवारी,ग्रामीण खबर एमपी।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत पथवारी में शनिवार को उत्साह, ऊर्जा और जनभागीदारी के साथ 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति पथवारी, शासकीय माध्यमिक शाला पथवारी तथा भाजपा मंडल विलायत कलां के संयुक्त सौजन्य से शासकीय माध्यमिक शाला परिसर में विशाल योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामवासियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं जनप्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ योग एवं भारतीय संस्कृति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए किया गया। इसके पश्चात उपस्थित जनसमूह ने प्रशिक्षकों के निर्देशन में सूर्य नमस्कार, गायत्री मंत्र, शांति मंत्र तथा विभिन्न योग आसनों का सामूहिक अभ्यास किया। योगाभ्यास के दौरान उपस्थित लोगों को नियमित योग करने के लाभों की जानकारी देते हुए बताया गया कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करता है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय की व्यस्त जीवनशैली में योग एक प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर “सभी योग करें, सभी निरोग रहें” विषय पर उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक शपथ ग्रहण कर स्वस्थ एवं निरोगी समाज के निर्माण का संकल्प लिया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास किया तथा योग के महत्व को समझते हुए नियमित अभ्यास का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय सोनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं जन अभियान परिषद की ब्लॉक समन्वयक नंदनी वाटिया, भाजपा मंडल महामंत्री पुष्पेंद्र गोस्वामी, कार्यालय मंत्री भूपेश कांत मिश्रा, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष गणेशपुरी गोस्वामी, समिति सचिव शिवराज केवट, सरपंच प्रतिनिधि अमर राज सिंह ठाकुर, ग्राम पंचायत सचिव तिलक राज सिंह सोलंकी, शासकीय माध्यमिक शाला के प्राचार्य जगदंबा प्रसाद तिवारी, शासकीय प्राथमिक शाला झिरिया टोला के प्रधानाध्यापक मिथिलेश पुरी गोस्वामी, युवा समाजसेवी उमेश यादव, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता शुभा गोस्वामी, आंगनवाड़ी सहायिका विद्या मार्को तथा भूतपूर्व उपसरपंच रमई लाल यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त नारद पुरी गोस्वामी, रामकुमार सिंह, बिहारी लाल यादव, सोहन कुमार भुमिया, सुनील कुमार भुमिया, सत्येंद्र कुमार यादव, अर्जुन यादव, अंकित यादव, बंसीलाल भुमिया, कमलेश कुमार भुमिया सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, पालकगण एवं ग्रामवासी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर आयोजकों ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए योग को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा और ग्रामवासियों ने योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया।
“आओ योग करें, निरोग रहें” तथा “जय योग-जय भारत” के नारों के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

