विद्यार्थियों व पालकों पर किसी विशेष विक्रेता से पाठ्यपुस्तक, यूनिफॉर्म या अन्य शैक्षणिक सामग्री खरीदने हेतु बाध्य ना किया जाए - कलेक्टर।
कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने जिले में संचालित समस्त सीबीएसई विद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक कर दिए स्पष्ट निर्देश।
कलेक्टर ने पालकों एवं विद्यार्थियों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डालने की शिकायतों को लिया गंभीरता।
विदिशा,ग्रामीण खबर MP।
कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने जिले में संचालित समस्त सीबीएसई विद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक आयोजित कर विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों एवं पालकों पर किसी विशेष विक्रेता से पाठ्यपुस्तक, यूनिफॉर्म अथवा अन्य शैक्षणिक सामग्री खरीदने हेतु बाध्य ना किया जाए। निजी प्रकाशकों की महंगी पुस्तकों को अनिवार्य बनाकर पालकों एवं विद्यार्थियों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डालने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को सख्त चेतावनी दी है।
कलेक्टर ने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। पाठ्यपुस्तकों, शुल्क (फीस) निर्धारण अथवा अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में शासन के नियमों के अनुरूप कार्य नहीं करने वाले विद्यालयों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई प्रस्तावित करने तथा ऐसे प्रकरणों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता एवं विद्यार्थी हित सर्वोपरि हैं।
विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कलेक्टर ने आरटीओ को निर्देशित किया कि विद्यालयीन बसों एवं ऑटो चालकों के चरित्र सत्यापन, वैध ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीयन, फिटनेस, बीमा एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। साथ ही 18 वर्ष से कम आयु के विद्यार्थियों द्वारा दोपहिया वाहन चलाकर विद्यालय आने पर प्रभावी रोक लगाने तथा इस संबंध में सतत निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सभी विद्यालयों में आंतरिक परिवाद समिति का गठन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं जिससे कार्यस्थल पर महिलाओं को एक सुरक्षित माहौल प्रदान हो सके। 10 या उससे अधिक कर्मचारियों वाले सभी सरकारी और निजी संस्थानों में इसका गठन अनिवार्य है। छात्रवृत्ति से संबंधित फेल्ड बैंक खातों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि कोई भी पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति एवं अन्य शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। सभी विद्यार्थियों के फेल्ड खाते अपडेट करने हेतु समस्त सीबीएसई स्कूल संचालकों/प्राचार्यों को निर्देशित किया गया।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों के स्कूल बैग का भार निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने पर विशेष बल देते हुए कहा कि बच्चों पर अनावश्यक शैक्षणिक बोझ नहीं डाला जाना चाहिए। उन्होंने सभी विद्यालयों को अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा फायर एनओसी एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा दस्तावेज समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में होमगार्ड विभाग को जिले के सभी विद्यालयों में आपदा प्रबंधन संबंधी मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश दिए गए, ताकि विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित व्यवहार एवं बचाव संबंधी उपायों का व्यवहारिक प्रशिक्षण प्राप्त हो सके।
अपार आईडी निर्माण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी विद्यालयों को शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का डिजिटल शैक्षणिक रिकॉर्ड भविष्य में विभिन्न शासकीय योजनाओं, छात्रवृत्तियों एवं अन्य सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने में सहायक होगा, इसलिए इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाए।
बैठक में नवोदय विद्यालय शमशाबाद एवं केंद्रीय विद्यालय में विद्युत कनेक्शन से संबंधित लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने एमपीईबी के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
खेल गतिविधियों को शिक्षा का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले का प्रत्येक विद्यालय किसी न किसी खेल विधा में उत्कृष्टता प्राप्त कर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करे। उन्होंने विद्यालयों को खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें व्यवस्थित प्रशिक्षण प्रदान करने तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने हेतु विशेष प्रयास करने को कहा।
बैठक में पाठयपुस्तक एवं फीस संबंधी शासन के दिशा-निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन,विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए गए।
इस दौरान बैठक में जिला पंचायत सीईओ ओपी सनोडिया, संयुक्त कलेक्टर एवं शिक्षा विभाग की प्रभारी अधिकारी दीपश्री गुप्ता, डीईओ ट्राइबल, आरटीओ, महिला एवं बाल विकास अधिकारी, आईटीआई, एनसीसी, स्काउट एवं गाइड, यातायात पुलिस, खेल विभाग सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
विदिशा जिला ब्यूरो यशवंत सिंह रघुवंशी
