जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत बेतवा नदी के बड़ वाले घाट पर जिला स्तरीय गंगा दशहरा कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
नदियां हमारी संस्कृति और जीवन का आधार,उनका संरक्षण और संवर्धन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी -मंत्री श्री सारंग।
विदिशा,ग्रामीण खबर MP।
गंगा दशहरा के पावन अवसर पर जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत विदिशा जिले में बेतवा नदी के बड़ वाले घाट पर जिला स्तरीय गंगा दशहरा कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने विधि-विधान से बेत्रवती मैया की पूजन-अर्चना की। पूजन के उपरांत मंत्री श्री सारंग ने बेत्रवती मैया की आरती उतारी तथा चुनरी अर्पित कर नदी के संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर कार्यक्रम में विदिशा नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति राकेश शर्मा,मनोज कटारे सहित कलेक्टर अंशुल गुप्ता, पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी, जिला पंचायत सीईओ ओपी सनोडिया के अलावा आम नागरिकों, छात्र-छात्राओं स्वयं सेवी संस्थाओं के द्वारा सक्रिय सहभागिता निभाई गई है।
मंत्री श्री सारंग ने कहा कि नदियां हमारी संस्कृति और जीवन का आधार हैं। उनका संरक्षण और संवर्धन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उन्हें संरक्षित रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री सारंग सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने नदी तट पर श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। सभी उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
मंत्री श्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंतत्री का भी स्वच्छता को लेकर विशेष फोकस है। प्रधानमंत्री जी ने देश के नवनिर्माण के संकल्प लिए उनमें स्वच्छता एक बड़ा संकल्प है। उन्होंने घर-घर शौचालय बनवाए स्वच्छता के लिए आम नागरिकों को प्रेरित किया। यह उसी का परिणाम है कि आज स्वच्छता को लेकर हम सब सक्रिय हुए।
मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि विदिशा वासी सौभाग्यशाली हैं जिन्हें बेतवा मैया का आशीर्वाद मिलता है। हम सबका भी यह संकल्प है कि हमारी जो भी जल संरचनाएं हैं। उनका संरक्षण और संवर्धन करें। जल संरचनाओं की सफाई की जिम्मेदारी भी हमारी ही है। यह सबसे महत्वपूर्ण है की सफाई तो करें ही और कोशिश करें कि उसे गंदा होने से बचाया जा सके। पर्यावरण का संरक्षण, प्रदूषण पर नियंत्रण और साफ-सफाई वर्तमान और भविष्य दोनों के लिए महत्वपूर्ण हैं। इस दौरान उन्होंने बेतवा उत्थान समिति को भी धन्यवाद दिया और कहा कि यह समिति निरंतर 23 वर्षों से बेतवा की सफाई कार्य में जुटी है उन्होंने समिति द्वारा किए जा रहा है कार्यों की भूरि भूरि प्रशंसा की। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि पेयजल की व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित रहें, आने वाली पीढ़ी को पानी की समस्या न होने पाए इसके लिए हमें जल संरचनाओं का संरक्षण और संवर्धन करना है
ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
विदिशा जिला ब्यूरो यशवंत सिंह रघुवंशी
