पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर कांग्रेसजनों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि।
कटनी जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र निर्माण में नेहरू जी के योगदान को किया याद,लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का लिया संकल्प।
कटनी,ग्रामीण खबर MP।
भारत के प्रथम प्रधानमंत्री, भारत रत्न एवं आधुनिक भारत के शिल्पकार स्वर्गीय पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि के अवसर पर जिला कांग्रेस कार्यालय आस्था प्लाजा बरगवां कटनी में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नेहरू जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके द्वारा देश के विकास, लोकतंत्र की मजबूती, शिक्षा, विज्ञान एवं औद्योगिक क्षेत्र में किए गए ऐतिहासिक योगदान को स्मरण किया।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान वक्ताओं ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने स्वतंत्र भारत को एक नई दिशा प्रदान की और आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखी। उन्होंने देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने के साथ-साथ वैज्ञानिक सोच, शिक्षा एवं औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने का कार्य किया। उनके नेतृत्व में भारत ने विश्व स्तर पर अपनी एक अलग पहचान स्थापित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू का जीवन राष्ट्र सेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और विकासवादी सोच का प्रतीक था। उन्होंने कहा कि आज देश जिस विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है, उसकी मजबूत आधारशिला नेहरू जी ने ही रखी थी। उनके आदर्श, विचार और राष्ट्र निर्माण की सोच आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि नेहरू जी ने शिक्षा के क्षेत्र में आईआईटी, विश्वविद्यालयों और बड़े शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना कर देश को नई दिशा दी। साथ ही औद्योगिक विकास, वैज्ञानिक अनुसंधान और सार्वजनिक क्षेत्र के संस्थानों को मजबूत कर भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए। उनके योगदान को देश कभी भुला नहीं सकता।
कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेसजनों ने कहा कि वर्तमान समय में नेहरू जी के लोकतांत्रिक विचारों और राष्ट्रीय एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही देश में सामाजिक सद्भाव, भाईचारा और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है।
श्रद्धांजलि सभा में ब्लॉक अध्यक्ष राजेश जाटव, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष कमल पांडे, शैलेन्द्र शुक्ला, मुकेश परोहा, मंगल सिंह, दिग्विजय सिंह, अजय कोल, अंशु गुप्ता, शुभम मिश्रा, सचिन गर्ग, जार्ज डेविड, शक्ति सुधीर तिवारी, दिलदार खान, इमरान खान, रमेश अहिरवार, हर्षित मिश्रा सहित कांग्रेस पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी कांग्रेसजनों ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के आदर्शों पर चलने तथा देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

