आदिवासी सम्मान के समर्थन में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन,अमित शाह के कथित बयान के विरोध में किया पुतला दहन।
जिला कांग्रेस कमेटी शहर एवं आदिवासी कांग्रेस के संयुक्त प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आदिवासी समाज के लोग शामिल,कहा- आदिवासी अस्मिता से समझौता नहीं।
कटनी,ग्रामीण खबर MP।
जिला कांग्रेस कमेटी शहर एवं आदिवासी कांग्रेस के तत्वाधान में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा आदिवासी समाज को लेकर दिए गए कथित अमर्यादित बयान के विरोध में जोरदार प्रदर्शन एवं पुतला दहन किया गया। शहर में आयोजित इस विरोध कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोगों ने भाग लिया और आदिवासी अस्मिता, पहचान एवं सम्मान के समर्थन में आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के दौरान पूरे क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया तथा कांग्रेसजनों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि आदिवासी समाज देश की मूल संस्कृति, परंपरा और प्रकृति संरक्षण की पहचान रहा है। आदिवासियों को “वनवासी” कहकर उनकी ऐतिहासिक एवं सामाजिक पहचान को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे आदिवासी समाज एवं कांग्रेस पार्टी किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं करेगी। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आदिवासी समाज सदियों से जल, जंगल और जमीन की रक्षा करता आया है तथा देश के विकास और संस्कृति को मजबूत बनाने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि आदिवासी समाज इस देश की आत्मा है और उनके सम्मान के साथ किसी भी प्रकार की टिप्पणी पूरे समाज की भावनाओं को आहत करने वाली है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आदिवासी समाज के अधिकारों, सम्मान और संवैधानिक सुरक्षा के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी मजबूती के साथ लड़ाई जारी रखेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आदिवासी समाज की वास्तविक समस्याओं से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है, लेकिन कांग्रेस पार्टी हर स्तर पर आदिवासी समाज की आवाज उठाती रहेगी।
आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कोल ने कहा कि आदिवासी समाज अपनी अस्मिता एवं अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव एकजुट रहा है और आगे भी पूरी मजबूती के साथ अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के सम्मान और पहचान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी समाजजनों से एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आदिवासी समाज के लोगों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर नारेबाजी की तथा केंद्र सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन के अंत में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया। इस दौरान क्षेत्र में भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और पूरे कार्यक्रम में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एड. अमित शुक्ला, प्रियदर्शन गौर, राकेश जैन कक्का, आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कोल, ओमकार सिंह मरकाम, रजनी वर्मा, अंशु मिश्रा, जितेंद्र गुप्ता, राजेश जाटव, अजय जैसवानी, कमल पांडे, मंगल सिंह, संदीप यादव, इस्तियाक अहमद, दिग्विजय सिंह, विनीत जायसवाल, रमेश अहिरवार, विनोद अहिरवार, शुभम सोनखरे, अकबर अहमद, अदिता वर्मा, कपिल पटेल, जार्ज डेविड, रॉबिन पीटर, सुमन सैनी, श्याम पाहुजा, श्याम यादव, अजय खटीक, शशांक गुप्ता, सुरेश पांडे, शैलेन्द्र सिंह, माधवेंद्र सिंह, मुकेश बर्मन, तुलाराम गोटिया, हर्षित मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आदिवासी समाज के साथी उपस्थित रहे।

