किशोरियों की सुरक्षा का अभियान तेज,कलेक्टर श्री तिवारी की अपील-एचपीवी टीकाकरण से बचाएं बेटियों का भविष्य।
सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए शासकीय अस्पतालों में निःशुल्क टीका,जिले में 12,613 का लक्ष्य,अब तक 5,724 बालिकाओं को लगाया गया टीका।
कटनी,ग्रामीण खबर MP।
जिले में किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान तेज गति से संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर आशीष तिवारी ने माता-पिता, अभिभावकों और पालकों से अपील करते हुए कहा है कि वे अपनी 14 से 15 वर्ष की बेटियों को अनिवार्य रूप से एचपीवी टीका लगवाएं, ताकि उन्हें भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से सुरक्षित रखा जा सके।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित, प्रभावी और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है। बाजार में इसकी कीमत लगभग चार हजार रुपये है, लेकिन शासन द्वारा यह टीका शासकीय अस्पतालों में निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक बार टीकाकरण से बेटियों को इस गंभीर बीमारी से जीवनभर सुरक्षा मिल सकती है।
जिले में इस महत्वपूर्ण अभियान की शुरुआत 28 फरवरी को जिला चिकित्सालय से की गई थी, जहां कलेक्टर श्री तिवारी की उपस्थिति में तीन बालिकाओं को टीका लगाकर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद से स्वास्थ्य विभाग लगातार स्कूलों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर बालिकाओं का टीकाकरण कर रहा है।
कलेक्टर श्री तिवारी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र में कक्षा 8वीं, 9वीं और 10वीं में अध्ययनरत 14 से 15 वर्ष की किशोरियों को विशेष रूप से जागरूक किया जाए। उन्हें सर्वाइकल कैंसर के खतरे और एचपीवी टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाए, ताकि अधिक से अधिक बालिकाएं इस अभियान से जुड़ सकें।
इसके साथ ही राजस्व विभाग के अनुविभागीय अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे विकासखंड स्तर पर स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास और शिक्षा विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर टीकाकरण के लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करें।
जिले को एचपीवी टीकाकरण के लिए 12 हजार 613 किशोरी बालिकाओं का लक्ष्य मिला है, जिसके विरुद्ध अब तक 5 हजार 724 बालिकाओं को टीका लगाया जा चुका है। प्रगति की दृष्टि से कटनी नगर 80 प्रतिशत उपलब्धि के साथ पहले स्थान पर है, जबकि बरही दूसरे और ढीमरखेड़ा तीसरे स्थान पर हैं। मुड़वारा और रीठी क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर हैं, वहीं विजयराघवगढ़ और बड़वारा में अभी अभियान को और गति देने की आवश्यकता है।
टीकाकरण प्रक्रिया को और अधिक सरल बनाने के लिए भारत सरकार के यू-विन पोर्टल के माध्यम से अभिभावक अपने बच्चों का ऑनलाइन पंजीकरण भी कर सकते हैं। इससे टीकाकरण की प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित बन रही है।
कलेक्टर श्री तिवारी ने अंत में पुनः सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे इस अभियान को गंभीरता से लें और अपनी बेटियों के स्वस्थ भविष्य के लिए एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि जिले को सर्वाइकल कैंसर मुक्त बनाने के लक्ष्य को समय पर हासिल किया जा सके।
