विधायक संजय पाठक ने दी बधाई,विजयराघवगढ़ के तीन छात्रों ने 10वीं बोर्ड मेरिट में बनाई जगह।
किड्स वे अकादमी,सरस्वती विद्यालय और ग्राम हरैया के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन,विधायक संजय पाठक ने फोन पर दी शुभकामनाएं।
कटनी,ग्रामीण खबर MP।
मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के तीन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की प्रवीण सूची में स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर क्षेत्रीय विधायक संजय पाठक ने तीनों मेधावी विद्यार्थियों से दूरभाष पर संवाद कर उन्हें हार्दिक बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जानकारी के अनुसार किड्स वे अकादमी स्कूल, बरही के छात्र आदित्य तिवारी पिता मनोज तिवारी ने 500 में से 493 अंक अर्जित कर प्रदेश में सातवां स्थान प्राप्त किया है। वहीं सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बरही के छात्र सौरभ सिंह मार्को पिता प्रताप सिंह मार्को ने 492 अंक प्राप्त कर प्रदेश में आठवां स्थान हासिल किया है। इसी क्रम में ग्राम हरैया स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा खुशबू लोधी पिता उदयभान लोधी ने 491 अंक अर्जित कर प्रदेश में नौवां स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।
इन तीनों विद्यार्थियों की सफलता पर विधायक संजय पाठक ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और अनुशासन का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने कहा कि इस सफलता के पीछे अभिभावकों के संस्कार और गुरुजनों का मार्गदर्शन भी उतना ही महत्वपूर्ण है। ऐसे परिणाम न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय होते हैं।
विधायक संजय पाठक ने अपने संदेश में कहा कि बोर्ड परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि मेरिट सूची में स्थान बनाना किसी भी विद्यार्थी के लिए बड़ी उपलब्धि होती है, जो उनके निरंतर परिश्रम, लक्ष्य के प्रति समर्पण और आत्मविश्वास को दर्शाता है। यह सफलता आने वाले समय में उनके उज्ज्वल करियर की मजबूत नींव सिद्ध होगी।
उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में शिक्षा का महत्व और भी बढ़ गया है, ऐसे में विद्यार्थियों को निरंतर सीखने की प्रवृत्ति बनाए रखते हुए अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहना चाहिए। विधायक संजय पाठक ने कहा कि विजयराघवगढ़ क्षेत्र के विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उचित मार्गदर्शन और अवसर की है।
विधायक संजय पाठक ने यह भी कहा कि जो विद्यार्थी इस बार अपेक्षित परिणाम प्राप्त नहीं कर सके हैं, वे निराश न हों, क्योंकि जीवन में सफलता के अनेक अवसर आते हैं। यह परीक्षा केवल एक चरण है, अंतिम मंजिल नहीं। निरंतर प्रयास, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते रहने से सफलता अवश्य प्राप्त होती है।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि असफलता से सीख लेकर उसे अपनी ताकत बनाना ही सच्ची सफलता की पहचान है। हर विद्यार्थी में कुछ न कुछ विशेष क्षमता होती है, जिसे पहचानकर उसे सही दिशा में आगे बढ़ाना आवश्यक है।
अंत में विधायक संजय पाठक ने सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं गुरुजनों को पुनः बधाई देते हुए समस्त विद्यार्थियों के उज्ज्वल, सफल एवं सुखद भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है जो व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाकर समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करती है।
