सिलौंडी के शासकीय विद्यालयों का शानदार प्रदर्शन,10वीं-12वीं में उत्कृष्ट परिणाम से बढ़ा गौरव।
बालक हायर सेकंडरी में 12वीं का 100% रिजल्ट,कन्या हाई स्कूल की छात्राओं ने भी लहराया परचम,कई छात्रों ने 90% से अधिक अंक प्राप्त किए।
सिलौंडी,ग्रामीण खबर MP।
सिलौंडी के शासकीय बालक हायर सेकंडरी स्कूल एवं शासकीय कन्या हाई स्कूल ने इस वर्ष 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम देकर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। दोनों विद्यालयों के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न केवल अपने माता-पिता बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
संकुल प्राचार्य चंद्रकुमार परसवार के अनुसार शासकीय बालक हायर सेकंडरी स्कूल का 12वीं का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। कुल 65 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी और सभी 65 विद्यार्थी सफल घोषित हुए। इस परीक्षा में मयंक साहू ने 93.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, वहीं सनिल ने 90 प्रतिशत अंक के साथ दूसरा स्थान तथा हर्ष मेहता ने 84.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इसी विद्यालय में 10वीं कक्षा का परिणाम भी अत्यंत सराहनीय रहा। कुल 55 विद्यार्थियों में से 54 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए, जबकि केवल एक विद्यार्थी असफल रहा। इस प्रकार विद्यालय का परिणाम 98.72 प्रतिशत रहा। 10वीं में प्रशांत काछी ने 96.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। शुभ राय ने 95.4 प्रतिशत अंक के साथ दूसरा स्थान और सुमित काछी ने 92.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया। विद्यालय के उत्कृष्ट परिणाम का श्रेय पूरे शिक्षकीय स्टाफ के समर्पण और विद्यार्थियों की मेहनत को दिया गया है।
वहीं शासकीय कन्या हाई स्कूल की छात्राओं ने भी उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। 12वीं कक्षा में कुल 80 छात्राओं में से 77 छात्राएं उत्तीर्ण हुईं। इस कक्षा में श्रीम राय ने 90.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि श्रुति गौतम ने 90 प्रतिशत अंक हासिल कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
10वीं कक्षा में कुल 78 छात्राओं में से 75 छात्राएं सफल रहीं। इस कक्षा में करिश्मा मरावी ने 96.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि साक्षी सेन ने 95 प्रतिशत अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।
शासकीय कन्या हाई स्कूल के प्राचार्य विशाल वरकड़े ने इस सफलता का श्रेय छात्राओं की लगन, अभिभावकों के सहयोग और विद्यालय के समर्पित स्टाफ को दिया है।
सिलौंडी के शासकीय विद्यालयों के इस उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
