बोर्ड परीक्षाओं से पहले कलेक्टर का विद्यार्थियों को आत्मविश्वास बढ़ाने वाला प्रेरणादायक संदेश।

 बोर्ड परीक्षाओं से पहले कलेक्टर का विद्यार्थियों को आत्मविश्वास बढ़ाने वाला प्रेरणादायक संदेश।

तनाव मुक्त व निडर होकर उत्तर लिखें विद्यार्थी-कलेक्टर श्री तिवारी।

कटनी,ग्रामीण खबर MP।

माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के दृष्टिगत जिला प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कलेक्टर आशीष तिवारी ने जिले के समस्त बोर्ड परीक्षार्थी छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए एक सकारात्मक एवं उत्साहवर्धक संदेश दिया है। कलेक्टर ने कहा कि परीक्षा को कभी भी भय या तनाव के रूप में नहीं देखना चाहिए, बल्कि इसे अपने ज्ञान, परिश्रम और तैयारी को प्रदर्शित करने के अवसर के रूप में लेना चाहिए।

कलेक्टर श्री तिवारी ने विद्यार्थियों से कहा कि उन्होंने पूरे वर्ष जो मेहनत की है, उसी का परिणाम परीक्षा के माध्यम से सामने आता है। इसलिए घबराने या डरने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि शांत चित्त और आत्मविश्वास के साथ दिया गया उत्तर ही सफलता की कुंजी होता है। तनाव और भय न केवल एकाग्रता को प्रभावित करते हैं, बल्कि याद की गई जानकारी को भी कमजोर कर देते हैं, इसलिए परीक्षा के दौरान स्वयं को मानसिक रूप से संतुलित रखना अत्यंत आवश्यक है।

कलेक्टर ने कहा कि परीक्षा जीवन की यात्रा का केवल एक पड़ाव है, न कि अंतिम लक्ष्य। जीवन में आगे बढ़ने के अनेक अवसर मिलते हैं और परीक्षा का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों की क्षमता का आकलन करना है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे असफलता के भय से मुक्त होकर पूरी ईमानदारी और आत्मविश्वास के साथ प्रश्नों के उत्तर लिखें। उन्होंने यह भी कहा कि आत्ममंथन, धैर्य और सकारात्मक सोच ही विद्यार्थियों को सफलता के मार्ग पर आगे ले जाती है।

कलेक्टर आशीष तिवारी ने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्रश्न पत्र को पहले ध्यानपूर्वक पढ़ें, सरल प्रश्नों से उत्तर लिखना प्रारंभ करें और समय का संतुलित उपयोग करें। उत्तर साफ-सुथरे, क्रमबद्ध और स्पष्ट अक्षरों में लिखें, ताकि परीक्षक को उत्तर समझने में आसानी हो। उन्होंने कहा कि जल्दबाजी या हड़बड़ी में किए गए उत्तर अक्सर गलत हो जाते हैं, इसलिए संयम बनाए रखना आवश्यक है।

कलेक्टर ने विद्यार्थियों को यह भी समझाइश दी कि परीक्षा के दौरान स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। समय पर भोजन करें, पर्याप्त नींद लें और अनावश्यक तनाव से दूर रहें। स्वस्थ शरीर और शांत मन ही बेहतर प्रदर्शन में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दिनों में मोबाइल फोन और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर केवल पढ़ाई और आत्मविश्वास पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

कलेक्टर श्री तिवारी ने जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों और शिक्षकों से भी आग्रह किया कि वे परीक्षा अवधि के दौरान विद्यार्थियों को मानसिक रूप से सशक्त बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की सकारात्मक बातें, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को कई गुना बढ़ा देता है। शिक्षक विद्यार्थियों के मन में किसी भी प्रकार का डर या दबाव न बनने दें, बल्कि उन्हें सहज और शांत वातावरण प्रदान करें।

कलेक्टर ने कहा कि बोर्ड परीक्षाएं अनुशासन, ईमानदारी और पारदर्शिता का प्रतीक हैं। विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों का उपयोग नहीं करना चाहिए। ईमानदारी से दी गई परीक्षा ही भविष्य की मजबूत नींव रखती है। उन्होंने कहा कि गलत रास्तों से मिली सफलता अल्पकालिक होती है, जबकि परिश्रम और सत्यनिष्ठा से प्राप्त उपलब्धि स्थायी होती है।

कलेक्टर आशीष तिवारी ने जिले के सभी बोर्ड परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आपकी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास अवश्य रंग लाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि परीक्षा को बोझ न मानें, बल्कि इसे आत्ममूल्यांकन का अवसर समझें और पूरे मनोयोग से इसमें भाग लें। सकारात्मक सोच और आत्मबल के साथ आगे बढ़ने वाला विद्यार्थी हर परिस्थिति में सफल होता है।

उल्लेखनीय है कि माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं मंगलवार से प्रारंभ हो रही हैं, जबकि कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं 13 फरवरी से शुरू होंगी। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के सुचारू एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि विद्यार्थी बिना किसी व्यवधान के परीक्षा दे सकें।

ग्रामीण खबर MP-

जनमानस की निष्पक्ष आवाज

प्रधान संपादक:अज्जू सोनी। संपर्क:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post