होली और रमजान के मद्देनज़र उमरिया पान थाने में शांति समिति की बैठक संपन्न।

 होली और रमजान के मद्देनज़र उमरिया पान थाने में शांति समिति की बैठक संपन्न।

थाना प्रभारी महेंद्र जयसवाल ने सौहार्द बनाए रखने की अपील की, अफवाहों से दूर रहने और कानून व्यवस्था में सहयोग का आह्वान।

उमरिया पान,ग्रामीण खबर MP।

आगामी होली पर्व एवं रमजान के पवित्र माह को दृष्टिगत रखते हुए क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस थाना उमरिया पान परिसर में शांति समिति की विस्तृत बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन तहसीलदार आकांक्षा चौरसिया की उपस्थिति मैं तथा थाना प्रभारी उप निरीक्षक महेन्द्र जयसवाल की अध्यक्षता मैं संपन्न की गई। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, व्यापारी वर्ग, विभिन्न धार्मिक समुदायों के प्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

बैठक की शुरुआत आपसी परिचय और त्योहारों की संवेदनशीलता को समझते हुए सामूहिक जिम्मेदारी के भाव के साथ हुई। थाना प्रभारी महेन्द्र जयसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि होली का पर्व हर्षोल्लास, प्रेम और भाईचारे का प्रतीक है, वहीं रमजान का महीना त्याग, संयम और इबादत का संदेश देता है। ऐसे में यह आवश्यक है कि दोनों समुदाय एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए शांति और सौहार्द का वातावरण बनाए रखें।

उन्होंने कहा कि होलिका दहन एवं धुड़ेरी के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, हुड़दंग या जबरन रंग लगाने जैसी घटनाएं न हों, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। त्योहारों के दौरान अक्सर अफवाहें और भ्रामक संदेश माहौल को बिगाड़ने का कार्य करते हैं, इसलिए सभी नागरिक सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें। यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, विवाद या तनाव की स्थिति उत्पन्न होती है तो तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

थाना प्रभारी ने विशेष रूप से कहा कि रमजान के दौरान मुस्लिम समुदाय के लोग इबादत और रोज़ा रखते हैं, इसलिए होली के उत्सव में ध्वनि, रंग या अन्य गतिविधियों के दौरान उनकी धार्मिक भावनाओं का ध्यान रखा जाना चाहिए। इसी प्रकार सभी समुदायों को भी यह समझना चाहिए कि त्योहार आपसी प्रेम और सद्भाव बढ़ाने का माध्यम होते हैं, न कि वैमनस्य का।

बैठक में कानून व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की गई। थाना प्रभारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि त्योहारों के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, नशे की हालत में वाहन चलाना, हुड़दंग या किसी भी प्रकार की अशांति फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों में धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक मैं उपस्थित तहसीलदार आकांक्षा चौरसिया ने नागरिकों से अपील की कि होलिका दहन के लिए निर्धारित स्थानों का ही उपयोग करें और सुरक्षा मानकों का पालन करें, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। साथ ही, डीजे या लाउडस्पीकर के उपयोग में निर्धारित समय सीमा और नियमों का पालन करने की भी हिदायत दी गई।

बैठक के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और समाज के प्रबुद्ध नागरिकों ने भी अपने विचार रखे और आश्वासन दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस और आम जनता के बीच समन्वय ही क्षेत्र की शांति की सबसे बड़ी ताकत है।

बैठक का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ। अंत में थाना प्रभारी महेंद्र जयसवाल ने सभी क्षेत्रवासियों को होली पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं दीं और विश्वास व्यक्त किया कि उमरिया पान क्षेत्र सदैव की तरह इस बार भी भाईचारे और आपसी सम्मान के साथ त्योहारों को संपन्न करें।बैठक मैं विशेष रूप से शिवकुमार चौरसिया, सुखदेव चौरसिया, बंशरूप चौरसिया, राजेश चौरसिया, राजेश ब्योहार, बसंत चौरसिया,जनपद सदस्य शैलेन्द्र पौराणिक,उपसरपंच जागेश्वर प्रसाद सोनी,स्वतंत्रत चौरसिया,संदीप सोनी,बलराम गर्ग, अनिल मिश्रा,राजेंद्र पटेल,मनोज चौरसिया, पप्पू चौरसिया, पारस पटेल,प्रदीप चौरसिया,प्रमोद गुप्ता, मकरंद पटेल,अयूब खान, अशोक इंदौरिया, लछमन रजक,अनिल नामदेव, दिनेश गुप्ता, पत्रकार अज्जू सोनी, राकेश यादव, सोमनाथ पटेल सहित बड़ी संख्या मैं प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे।

ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी। संपर्क:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post