सिहोरा जिला आंदोलन के दूसरे दिन भूख हड़ताल पर उतरी महिलाएँ,शाम की स्वाभिमान रैली ने आंदोलन को दी जबरदस्त गति।

 सिहोरा जिला आंदोलन के दूसरे दिन भूख हड़ताल पर उतरी महिलाएँ,शाम की स्वाभिमान रैली ने आंदोलन को दी जबरदस्त गति।

सुबह से दर्जनभर महिलाएँ भूखी बैठीं,शाम को उमड़ा अभूतपूर्व जनसैलाब,हर वर्ग ने एक स्वर में कहा:जिला घोषणा के बिना अब संघर्ष थमेगा नहीं।

सिहोरा,ग्रामीण खबर MP।

सिहोरा जिला आंदोलन का दूसरा दिन एक बार फिर जनता की एकजुटता, आक्रोश और अदम्य संकल्प का सशक्त प्रतीक बना। सुबह से ही पुराने बस स्टैंड पर क्रमिक भूख हड़ताल में बैठीं दर्जनभर महिलाओं ने आंदोलन को नई दिशा दी। महिलाओं के इस त्याग और दृढ़ता को देखकर पूरे सिहोरा में आंदोलन की ऊर्जा कई गुना बढ़ गई। वहीं शाम को निकली सिहोरा स्वाभिमान वाहन रैली ने सड़कों को जनसैलाब में बदल दिया, जिससे यह संदेश स्पष्ट हो गया कि अब सिहोरा अपने हक के लिए किसी भी स्थिति में पीछे हटने वाला नहीं है।

महिलाओं की भूख हड़ताल बनी आंदोलन की नई ताकत

दूसरे दिन की सबसे महत्वपूर्ण तस्वीर वह थी जब सिहोरा की महिलाएँ पहली बार बड़ी संख्या में आदोलन के मंच पर क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठीं। बिना भोजन के घंटों बैठे रहकर उन्होंने जिले की मांग को नए स्वर और नई ऊर्जा के साथ उठाया। महिलाओं के इस संघर्ष ने जनता के मन में विश्वास पैदा किया कि अब आंदोलन सामाजिक रूप से और भी व्यापक और सर्वसमावेशी रूप ले चुका है।

दोपहर होते-होते आंदोलन स्थल पर बड़ी संख्या में लोग महिलाओं को समर्थन देने पहुंचे। युवा, व्यापारी, समाजसेवी, किसान, कर्मचारी और छात्र—सभी वर्गों ने महिलाओं की यह पहल सिहोरा की जागी हुई चेतना का प्रतीक बताया।

महिलाओं के भावनात्मक और तथ्यात्मक वक्तव्य

भूख हड़ताल पर बैठी रूपाली सराफ ने कहा कि सिहोरा का इतिहास गौरवपूर्ण है, लेकिन राजनीतिक उपेक्षा ने इसे कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि कभी यह मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी तहसील थी परंतु समय-समय पर इसके हिस्से काटकर अलग तहसीलें बना दी गईं। उन्होंने कहा कि नेता चुनाव के समय जिला बनाने के वादे करते रहे पर आज तक कोई पहल नहीं हुई।

सोनाली साहू ने कहा कि सिहोरा भारत का मध्य बिंदु है और भौगोलिक, जनसंख्या व प्रशासनिक दृष्टि से हर मानक पर जिला बनने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि “सिहोरा को बार-बार उपेक्षित किया गया है, और अब यह उपेक्षा किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है।”

सरोज कुररिया ने कहा कि चुनाव से पहले केंद्रीय मंत्रियों, विधायकों और कई जनप्रतिनिधियों ने सिहोरा जिला बनाने का दावा किया था, लेकिन अब सब मौन हैं। उन्होंने कहा कि जनता का धैर्य जवाब दे रहा है और यही धैर्य अब संघर्ष में बदल रहा है।

बबीता त्रिपाठी ने कहा कि यह आंदोलन सिर्फ प्रशासनिक मांग नहीं बल्कि सम्मान और पहचान की लड़ाई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि किसी भी नई राजनीतिक स्थिति बनने से पहले सिहोरा को जिला घोषित किया जाए।

क्रमिक भूख हड़ताल में बैठी महिलाएँ

सरोज कुररिया, रूपाली श्रॉफ, बबीता त्रिपाठी, प्रतिभा मिश्रा, कविता सेठ, मधु प्यासी, रोशनी मिश्रा, रिचा पाठक, सोनाली साहू, शिवांगी साहू, तस्लीम बानो, संगीता विश्वकर्मा।

शाम की विशाल रैली—सड़कों पर उमड़ा सिहोरा

शाम को निकली सिहोरा स्वाभिमान वाहन रैली अभूतपूर्व रही। बाबाशाला से शुरू हुई यह रैली सिहोरा–खितौला के हर प्रमुख मार्ग से होकर गुजरी और अंत में पुराने बस स्टैंड स्थित धरना स्थल पर जाकर समाप्त हुई। रैली में शामिल वाहनों की लंबी कतारें दूर तक दिखाई देती रहीं। ढोल, नारे, तिरंगे और प्लेकार्ड लिए लोगों ने पूरे शहर का वातावरण आंदोलनमय कर दिया।

व्यापारी समुदाय, सामाजिक संगठन, युवा समूह, कर्मचारी, शिक्षकों, ग्रामीण क्षेत्रों से आए जत्थों और महिलाओं की भारी उपस्थिति ने रैली को निर्णायक रूप दिया। रैली में शामिल लोगों ने कहा कि अब आंदोलन पीछे नहीं हटेगा और सरकार चाहे जितना विलंब करे, जनता की मांग और ज्यादा प्रबल होती जाएगी।

जनता का संदेश—जिला घोषणा ही समाधान

धरना स्थल पर रैली के समापन पर लोगों ने एक ही स्वर में कहा कि सरकार को सिहोरा की मांग को गंभीरता से लेना चाहिए। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जिला घोषणा में देरी की गई, तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है। उन्होंने कहा कि “अब सिहोरा को जिला बनकर ही रहना है, यह सिर्फ मांग नहीं बल्कि संकल्प है।”

लगातार ढ़ रहा आंदोलन

सिहोरा में यह आंदोलन दिनों-दिन गति पकड़ रहा है। आम जनता, सामाजिक संगठनों और युवाओं की बढ़ती भागीदारी से यह स्पष्ट है कि सिहोरा अब अपने हक की लड़ाई निर्णायक मोड़ पर ले जा चुका है। हर दिन के साथ आंदोलन और मजबूती से खड़ा हो रहा है, और जनता का एक ही स्वर है—जिला बनने तक संघर्ष हर हाल में जारी रहेगा।

ग्रामीण खबर MP-

जनमानस की निष्पक्ष आवाज

प्रधान संपादक:अज्जू सोनी |संपर्क:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post