बरही में धान उपार्जन व्यवस्था और सुदृढ़,कलेक्टर श्री तिवारी ने पांच स्व-सहायता समूहों को सौंपी जिम्मेदारी।
नोडल अधिकारियों की तैनाती के साथ सभी उपार्जन केंद्रों को मिले स्पष्ट निर्देश,समर्थन मूल्य 2369 रुपए प्रति क्विंटल,सोमवार से शुक्रवार तक होगा उपार्जन।
कटनी,ग्रामीण खबर MP।
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में जिले में समर्थन मूल्य पर पंजीकृत कृषकों से धान उपार्जन का कार्य जारी है, जो आगामी 20 जनवरी तक संचालित किया जाएगा। उपार्जन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुचारू और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर आशीष तिवारी ने बरही तहसील में पांच स्व-सहायता समूहों को उपार्जन की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके साथ ही प्रत्येक केंद्र पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने हेतु नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
जारी आदेशानुसार उपार्जन केंद्र पिपरियाकला-2 का संचालन गुलाब स्व-सहायता समूह पिपरियाकला करेगा। यहां एच एन बी वेयरहाउस 149, पिपरियाकला उपार्जन स्थल हेतु ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी बंहनन्द परस्ते को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसी क्रम में उपार्जन केंद्र हदरहटा-1 की जिम्मेदारी खुशी स्व-सहायता समूह केवलारी को दी गई है, जहां यशिका एग्रो वेयरहाउस कुआं के लिए नोडल हल्का पटवारी अनिल मुवेल नियुक्त हुए हैं।
उपार्जन केंद्र करेला के संचालन की जिम्मेदारी पार्वती स्व-सहायता समूह करेला को सौंपी गई है। यहां नोडल अधिकारी के रूप में हल्का पटवारी पुरुषोत्तम कुमार काछी तैनात रहेंगे। हदरहटा-2 उपार्जन केंद्र शारदा स्व-सहायता समूह करेला द्वारा संचालित किया जाएगा, जहां नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी हल्का पटवारी राजेश कुमार सोनी निभाएंगे। इसके अतिरिक्त उपार्जन स्थल बगैहा का संचालन रामजानकी स्व-सहायता समूह करौंदीखुर्द को सौंपा गया है, जहां नोडल अधिकारी के रूप में हल्का पटवारी अनुज सिंह पोरते तैनात किए गए हैं।
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 हेतु धान का समर्थन मूल्य 2369 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। उपार्जन प्रक्रिया सप्ताह में पांच दिन—सोमवार से शुक्रवार—प्रातः 8 बजे से सायं 8 बजे तक जारी रहेगी। तौल पर्ची शाम 6 बजे तक जारी की जाएगी। जो कृषक किसी अपरिहार्य कारणवश निर्धारित दिन में तौल नहीं करा सकेंगे, उनकी तौल शनिवार को कराई जाएगी।
सभी उपार्जन केंद्रों पर संचालन संस्था द्वारा आवश्यक भौतिक एवं मानव संसाधन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। केंद्रों पर एफएक्यू गुणवत्ता के अनुरूप नमूने एवं गुणवत्ता बैनर का प्रदर्शन अनिवार्य होगा। गुणवत्ता सर्वेयर एप में सर्वेयर अथवा प्रभारी का नाम एवं मोबाइल नंबर पंजीकृत करना आवश्यक रहेगा। यदि नॉन-एफएक्यू धान प्राप्त होता है, तो उसे रिजेक्ट किया जाएगा और किसान को उपज अपग्रेड करने की समझाइश दी जाएगी। साथ ही अमान्य धान का नमूना सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा।
ई-उपार्जन पोर्टल http://mpeuparjan.nic.in पर कृषक अपनी उपज विक्रय हेतु स्लॉट बुक कर सकेंगे। यह स्लॉट 7 कार्य दिवस तक वैध रहेगा। उपार्जन के अंतिम 10 दिनों में स्लॉट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।
धान की भरती 40 किलो बारदाने के मानक वजन अनुसार की जाएगी। खाद्यान्न की भरती नवीन जूट बोरों में 580 ग्राम तथा पुराने जूट बोरों में 500 ग्राम मानक वजन के अनुसार होगी। सभी बोरों पर 18×18 इंच की स्टेंसिल का नीले रंग में छापा अनिवार्य रूप से लगाया जाएगा। प्राथमिकता के आधार पर विद्युत संचालित मशीन से डबल सिलाई की जाएगी।
उपार्जन समाप्ति उपरांत केंद्र पर उपलब्ध कटे-फटे अथवा उपयोग में न लाए गए नए बारदाने संबंधित उपार्जन एजेंसी द्वारा 15 दिनों के भीतर प्राप्त किए जाएंगे। कटे-फटे बारदाने की जानकारी उपार्जन समिति द्वारा बारदाना प्राप्ति उपरांत अधिकतम 10 दिनों में दस्तावेज सहित दी जानी आवश्यक है।
कृषक अथवा उनके नॉमिनी द्वारा लाई गई उपज की तौल से पूर्व केंद्र पर कृषक तौर पर्ची जारी की जाएगी। ई-उपार्जन पोर्टल में केंद्र के लॉगिन से खरीदी प्रविष्टि के दौरान कृषक/नॉमिनी एवं केंद्र प्रभारी का आधार ई-केवाईसी सत्यापन अनिवार्य होगा। इसी प्रक्रिया के उपरांत खरीदी देयक जारी होगा और खरीदी को वैध माना जाएगा।
उपार्जन केंद्रों पर स्कंधों पर स्टैंक नहीं लगाए जाने की स्थिति में असमय वर्षा से होने वाली क्षति का उत्तरदायित्व उपार्जन समिति का होगा। केंद्रों की उपलब्ध सुविधाओं के आधार पर भारत सरकार द्वारा श्रेणीकरण किया जाना है, जिसके लिए केंद्र प्रभारी को आवश्यक जानकारी एवं फोटोग्राफ्स पोर्टल PCSAP.IN पर अपलोड करने होंगे।
कलेक्टर श्री तिवारी ने नोडल अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे प्रतिदिन केंद्रों पर उपस्थित रहकर उपार्जन कार्य की निगरानी करें तथा धान विक्रय करने आने वाले कृषकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने निर्देशित किया है कि प्रतिदिन की प्रगति की जानकारी खाद्य शाखा को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए।
ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी |संपर्क:9977110734
