कलेक्टर के भ्रमण में उठी सिलौंडी की मूलभूत समस्याएं,बस स्टैंड पर प्रसाधनहीनता,अतिक्रमण और सड़क निर्माण की मांगों पर दिए त्वरित निर्देश।

 कलेक्टर के भ्रमण में उठी सिलौंडी की मूलभूत समस्याएं,बस स्टैंड पर प्रसाधनहीनता,अतिक्रमण और सड़क निर्माण की मांगों पर दिए त्वरित निर्देश।

ग्रामीणों ने बताई शौचालय की कमी,बाजार भूमि पर अतिक्रमण और डॉक्टर की अनुपलब्धता की शिकायतें,कलेक्टर आशीष तिवारी ने किया औचक निरीक्षण,कई विभागों को सुधार के निर्देश।

सिलौंडी,ग्रामीण खबर MP।

कलेक्टर आशीष तिवारी ने गुरुवार को सिलौंडी क्षेत्र का विस्तृत भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने गांव में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण कर कई स्थानों पर असंतोष व्यक्त किया। क्षेत्र के भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने उन्हें सिलौंडी बस स्टैंड पर प्रसाधन की सुविधा न होने की गंभीर समस्या से अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि बस स्टैंड पर यात्रियों, खासकर महिलाओं और बच्चों को भारी असुविधा होती है। इस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने तत्काल एसडीएम निधि सिंह गोहल और नायब तहसीलदार को सरकारी भूमि खाली कर शौचालय निर्माण के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए।

भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने नव-निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भवन में फर्श पर पानी रुकने और परिसर के आसपास मिट्टी की ठीक से भराई न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्माण एजेंसी को कार्य की गुणवत्ता सुधारने और शेष निर्माण शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

स्थानीय जनपद पंचायत सदस्य माधुरी रवि अवस्थी और ग्रामीणों ने कलेक्टर के समक्ष सिलौंडी से अम्हेटा मार्ग तथा सिलौंडी सहकारी समिति के पास बसेहरा मार्ग के शीघ्र निर्माण की मांग रखी। उन्होंने बताया कि सड़क की खराब स्थिति से ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाई होती है। साथ ही ग्रामीणों ने डॉक्टर प्रदीप को सिलौंडी और कछार गांव में ही नियमित ड्यूटी पर बनाए रखने की मांग की, ताकि ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं निरंतर उपलब्ध हो सकें।

कलेक्टर के समक्ष ग्रामीणों ने सिलौंडी बस स्टैंड से गल्ला बाजार तक की सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाकर सड़क चौड़ीकरण कराने की मांग भी रखी। ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर जगह-जगह अतिक्रमण होने से यातायात में बाधा आती है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इसके अतिरिक्त साप्ताहिक बाजार की लगभग 1.5 एकड़ सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाकर छोटे व्यापारियों को व्यवस्थित रूप से दुकान लगाने के लिए स्थान दिलाने की भी मांग की गई। कलेक्टर ने इन सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री तिवारी ने कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास सिलौंडी का औचक निरीक्षण किया। छात्रावास में व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए उन्होंने छात्राओं की सुरक्षा, स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता की जांच की। इसके पश्चात उन्होंने उप तहसील कार्यालय सिलौंडी, आयुष्मान आरोग्य मंदिर और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान फर्श में सीलन, दीवारों पर नमी और परिसर में मिट्टी-रेत पाए जाने पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समुचित सफाई और मरम्मत कार्य तुरंत करवाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने उप तहसील निरीक्षण के दौरान न्यायालयीन प्रकरणों की पटवारीवार जानकारी न मंगाने पर नायब तहसीलदार के प्रति असंतोष प्रकट किया और नियमित रूप से सभी लंबित प्रकरणों की रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

भ्रमण के दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर एसडीएम निधि सिंह गोहल, सीईओ जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा यजुर्वेद कोरी, कार्यपालन यंत्री आरईएस श्री खटीक, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रशांत राय, मंडल उपाध्यक्ष अमित राय, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता अनिल पांडे, संतोष विश्वकर्मा, गोपी मिश्रा, गणेश राय सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री तिवारी के इस दौरे से ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि लंबे समय से लंबित बुनियादी समस्याओं का समाधान शीघ्र होगा। स्थानीय निवासियों ने कहा कि प्रशासन का यह सक्रिय रुख गांव में विकास और स्वच्छता व्यवस्था को नई दिशा देगा।

ग्रामीण खबर MP-

जनमानस की निष्पक्ष आवाज

प्रधान संपादक:अज्जू सोनी |संपर्क:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post