पोस्टमार्टम गृह के सामने सरकारी जमीन से मुरूम निकालने का आरोप,68 लाख के अस्पताल निर्माण में अवैध उपयोग की शिकायत।

 पोस्टमार्टम गृह के सामने सरकारी जमीन से मुरूम निकालने का आरोप,68 लाख के अस्पताल निर्माण में अवैध उपयोग की शिकायत।

ग्रामीणों ने ठेकेदार पर लगाया चोरी का आरोप,सीएम हेल्पलाइन में दर्ज हुई शिकायत, प्रशासनिक जांच की उठी मांग।

कटनी,ग्रामीण खबर MP।

कन्हवारा क्षेत्र में विधायक संदीप जायसवाल की अनुशंसा पर लगभग 68 लाख रुपए की लागत से नवीन स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य शुरू हुआ है। ग्रामीणों की उम्मीद थी कि इस अस्पताल से क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार होगा, लेकिन निर्माण शुरू होते ही गंभीर आरोपों का दौर भी शुरू हो गया है। ग्रामीणों ने ठेकेदार और निर्माण एजेंसी पर आरोप लगाया है कि अस्पताल निर्माण के लिए की जा रही फीलिंग और भराई के काम में पोस्टमार्टम गृह के सामने पड़ी सरकारी जमीन से रात के अंधेरे में अवैध रूप से मुरूम निकाली जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले तीन दिनों से लगातार जेसीबी मशीन के माध्यम से इस जमीन की खुदाई की जा रही है। उनका आरोप है कि ठेकेदार प्रशासन की आंखों में धूल झोंककर लाखों की मुरूम चोरी कर रहा है। स्थानीय जागरूक नागरिक जियालाल ने इसकी शिकायत सीएम हेल्पलाइन में दर्ज कराते हुए मांग की है कि ठेकेदार पर तत्काल कार्रवाई की जाए और सरकारी संपत्ति के दुरुपयोग के लिए उस पर भारी पेनाल्टी लगाई जाए।

ग्रामीणों का कहना है कि जेसीबी द्वारा की गई इस अवैध खुदाई से पोस्टमार्टम गृह के सामने आने-जाने का रास्ता भी अवरुद्ध हो गया है। कई बार लोगों को शव परीक्षण के लिए लाए जाने के दौरान रास्ते में परेशानी का सामना करना पड़ा। इससे न केवल ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हुई है बल्कि शव परीक्षण जैसे गंभीर कार्य में भी बाधा उत्पन्न हो रही है। ग्रामीणों ने इस मामले को बेहद गंभीर बताते हुए प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

इस मामले की जानकारी जब इंजीनियर अजय मिश्रा से ली गई तो उन्होंने कहा कि वहां शौचालय निर्माण के लिए गड्ढा खुदवाया जा रहा है। लेकिन जब संवाददाता ने उनसे मौके पर जाकर निरीक्षण करने की मांग की तो उन्होंने यह कहते हुए टाल दिया कि वे चार तारीख तक अवकाश पर हैं। बाद में उन्होंने ठेकेदार का नंबर देने की जगह सुपरवाइजर रवि पटेल का नंबर दिया। जब सुपरवाइजर से बात की गई तो उनका जवाब भी इंजीनियर की बात से मिलता-जुलता रहा। उन्होंने भी यही कहा कि खुदाई शौचालय निर्माण के लिए की जा रही है।

ग्रामीणों का आरोप है कि यदि वास्तव में शौचालय निर्माण के लिए गड्ढा खुदवाया जा रहा है तो रात के अंधेरे में क्यों काम किया जा रहा है और क्यों पोस्टमार्टम गृह के सामने ही खुदाई की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यह पूरा मामला संदिग्ध है और सरकारी जमीन से अवैध मुरूम निकालकर अस्पताल निर्माण में उसका उपयोग किया जा रहा है।

फिलहाल इस मामले की शिकायत सीएम हेल्पलाइन में दर्ज हो गई है और जांच की मांग की गई है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जांच के बाद सच्चाई सामने आएगी कि ठेकेदार ने वाकई में सरकारी जमीन से मुरूम निकालकर अवैध खनन किया है या फिर शौचालय निर्माण के लिए गड्ढा खोदा गया था। लेकिन जब तक जांच पूरी नहीं होती, तब तक ग्रामीणों के बीच संदेह और नाराजगी का माहौल बना हुआ है।

इस पूरे घटनाक्रम ने न केवल निर्माण कार्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं बल्कि प्रशासन की भूमिका पर भी उंगली उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में सरकारी जमीन और संसाधनों के ऐसे दुरुपयोग की घटनाएं और बढ़ सकती हैं। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है और 68 लाख की लागत से बनने वाला अस्पताल पारदर्शिता के साथ पूरा हो पाता है या नहीं।

ग्रामीण खबर MP-

जनमानस की निष्पक्ष आवाज

प्रधान संपादक:अज्जू सोनी |संपर्क:9977110734


Post a Comment

Previous Post Next Post