ग्राम देवरी बिछिया में सम्पन्न हुआ मानसून कप टेनिस बाल प्रतियोगिता का भव्य समापन, रोमांचक फाइनल मुकाबले में रीवा की टीम बनी विजेता।

 ग्राम देवरी बिछिया में सम्पन्न हुआ मानसून कप टेनिस बाल प्रतियोगिता का भव्य समापन, रोमांचक फाइनल मुकाबले में रीवा की टीम बनी विजेता।

मुख्यातिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों को नगद राशि एवं शील्ड देकर किया सम्मानित, खेल मैदान में उमड़ा दर्शकों का जनसैलाब।

ढीमरखेड़ा,ग्रामीण खबर MP:

कटनी जिले की जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के अंतर्गत ग्राम देवरी बिछिया में एक दिन चले मानसून कप टेनिस बाल प्रतियोगिता का भव्य समापन बड़े उत्साह और रोमांच के बीच संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश स्तर की कुल 36 टीमों ने हिस्सा लिया, जिन्होंने अपने प्रदर्शन से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। फाइनल मुकाबला रीवा और मझौली की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें बेहद कड़े संघर्ष और जोशीले खेल के बाद रीवा की टीम विजेता बनी, वहीं मझौली की टीम उपविजेता रही।

समापन अवसर पर मुख्यातिथि के रूप में भाजपा उमरिया पान मंडल अध्यक्ष आशीष चौरसिया, सिलौड़ी मंडल अध्यक्ष मनीष सिंह बागरी और समाजसेवी पारस पटेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के तौर पर एडवोकेट अटल बिहारी बाजपेई, जीतेन्द्र अरोरा और महेश यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रतियोगिता का सफल संचालन समिति अध्यक्ष जयकरण पटेल एवं समिति संयोजक शिवप्रताप बागरी के मार्गदर्शन में हुआ।

मुख्यातिथियों ने विजेता टीम को 41,000 रुपये की नगद राशि और शील्ड देकर सम्मानित किया, वहीं उपविजेता टीम को 15,000 रुपये की नगद राशि और शील्ड प्रदान की गई। इस अवसर पर मुख्यातिथियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल केवल जीत और हार का नाम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, एकता और प्रतिभा को निखारने का माध्यम है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेलों में निरंतर भाग लेकर अपने गांव, जिले और प्रदेश का नाम रोशन करें।

ग्राम देवरी बिछिया का खेल मैदान इस अवसर पर दर्शकों से खचाखच भरा रहा। केवल स्थानीय ग्रामीण ही नहीं बल्कि आसपास के गांवों और दूर-दराज़ के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में खेल प्रेमी यहां पहुंचे। रोमांचक क्षणों के दौरान तालियों की गड़गड़ाहट और खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन से पूरा माहौल खेल भावना से सराबोर रहा।

प्रतियोगिता आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन ग्रामीण अंचल में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच प्रदान करते हैं। इस आयोजन से ग्रामीण युवाओं में खेलों के प्रति रुचि और उत्साह का संचार हुआ है। आयोजकों ने यह भी आश्वासन दिया कि आने वाले वर्षों में इस प्रतियोगिता को और बड़े पैमाने पर आयोजित किया जाएगा, ताकि और अधिक खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें और खेल जगत में क्षेत्र का नाम रोशन हो।

ग्रामीण खबर MP-

जनमानस की निष्पक्ष आवाज

प्रधान संपादक:अज्जू सोनी | संपर्क:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post