राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के अपशब्दों पर भाजपा कार्यकर्ताओं का आक्रोश, विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में धधका पुतला।

 राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के अपशब्दों पर भाजपा कार्यकर्ताओं का आक्रोश, विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में धधका पुतला।

बड़वारा, देवरी हटाई और विलायतकला मंडलों के कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से किया विरोध प्रदर्शन, कांग्रेस नेताओं को मर्यादा में रहने की दी चेतावनी।

बड़वारा,ग्रामीण खबर MP:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता जी के संबंध में राहुल गांधी एवं तेजस्वी यादव द्वारा सार्वजनिक मंच से कहे गए अपमानजनक शब्दों ने पूरे देश में आक्रोश की लहर दौड़ा दी है। इसी कड़ी में आज बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मंडलों में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने तीव्र विरोध दर्ज कराते हुए राहुल गांधी का पुतला दहन किया। बड़वारा मंडल, देवरी हटाई मंडल और विलायतकला मंडल के सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में झंडे और तख्तियां लिए एकजुट होकर सड़क पर उतरे और विरोध प्रदर्शन करते हुए जोरदार नारे लगाए।

इस विरोध प्रदर्शन में विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह स्वयं उपस्थित रहे और उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवल देश के प्रधानमंत्री नहीं हैं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की आशा, विश्वास और सम्मान के प्रतीक हैं। उनकी माताजी के लिए जिस प्रकार की अभद्र और असंस्कारी भाषा का उपयोग राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने किया है, वह न केवल निंदनीय है, बल्कि भारतीय संस्कृति और परिवार की मर्यादाओं के लिए भी गंभीर आघात है। राजनीति में असहमति होना अलग बात है, लेकिन किसी की माता का अपमान करना भारतीय समाज में कभी स्वीकार नहीं किया जा सकता। भाजपा के कार्यकर्ता इस प्रकार की भाषा और संस्कृति को कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे।”

उन्होंने आगे कहा कि “कांग्रेस नेताओं के ये शब्द उनकी हताशा और बौखलाहट को प्रदर्शित करते हैं। जब जनता उन्हें नकार रही है और देश विकास की नई दिशा में बढ़ रहा है, तब विपक्षी नेताओं के पास मुद्दे खत्म हो गए हैं और वे निजी जीवन और परिवारों पर कीचड़ उछालने पर उतर आए हैं। लेकिन भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता इस विषैली राजनीति का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देंगे और आने वाले चुनावों में जनता कांग्रेस पार्टी को करारा सबक सिखाएगी।”

विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि “सच्चाई और संस्कारों की राह पर चलते हुए हमें समाज के हर वर्ग तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और उपलब्धियों को पहुंचाना है। कांग्रेस नेताओं को चाहिए कि वे मर्यादित आचरण अपनाएं और राष्ट्रहित में सकारात्मक राजनीति करें, अन्यथा जनता उन्हें माफ नहीं करेगी।”

इस विरोध प्रदर्शन में मंडल अध्यक्ष अजय सोनी, नितिन पाण्डेय सहित तीनों मंडलों के पदाधिकारी, वरिष्ठ और कनिष्ठ कार्यकर्ताओं की भारी संख्या मौजूद रही। सभी ने एक स्वर में कांग्रेस नेताओं के खिलाफ नारे लगाते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भारतीय संस्कृति के सम्मान की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्षरत रहने का संकल्प लिया।

विरोध प्रदर्शन के दौरान पूरे क्षेत्र में माहौल जोशीला और आक्रोशपूर्ण रहा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह आंदोलन केवल शुरुआत है और जब तक राहुल गांधी एवं तेजस्वी यादव सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।

खबर MP-

जनमानस की निष्पक्ष आवाज

प्रधान संपादक:अज्जू सोनी | संपर्क:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post