रेल सुविधाओं में सुधार को लेकर सांसद डॉ. लता वानखेड़े की केंद्रीय रेल मंत्री से विशेष भेंट।

 रेल सुविधाओं में सुधार को लेकर सांसद डॉ. लता वानखेड़े की केंद्रीय रेल मंत्री से विशेष भेंट।

चारपल्ली–रीवा स्पेशल ट्रेन की बहाली व मंडी बमोरा स्टेशन की समस्याओं पर गंभीरता से की गई चर्चा।

सागर,ग्रामीण खबर mp:

सागर लोकसभा सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने आज केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र से संबंधित रेल सुविधाओं में विस्तार, सुधार एवं पुनर्बहाली को लेकर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक के दौरान डॉ. वानखेड़े ने सागर स्टेशन से होकर गुजरने वाली चारपल्ली–रीवा स्पेशल ट्रेन (01704) को पुनः प्रारंभ करने की माँग रखी। उन्होंने बताया कि यह ट्रेन लंबी दूरी के यात्रियों के लिए एक सशक्त विकल्प थी, जिसकी बहाली से हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी। यह ट्रेन विशेष रूप से दक्षिण भारत और बुंदेलखंड क्षेत्र के बीच यातायात की प्रमुख कड़ी थी।

इस भेंट में मंडी बमोरा स्टेशन से जुड़ी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। सांसद ने बताया कि यह स्टेशन तीन विधानसभा क्षेत्रों को जोड़ता है, किंतु कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का यहाँ ठहराव नहीं होने से स्थानीय यात्रियों को अत्यधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। यात्रियों की सुविधा हेतु निम्नलिखित ट्रेनों के मंडी बमोरा स्टेशन पर स्टॉपेज की माँग की गई:

कामायनी एक्सप्रेस (11071/72)

भोपाल–हज़रत निज़ामुद्दीन एक्सप्रेस (12155/56)

पातालकोट एक्सप्रेस (20423/24)

भोपाल–ग्वालियर इंटरसिटी (12197/98)

डॉ. अंबेडकर प्रयागराज एक्सप्रेस (14115/16)

सांसद ने यह भी कहा कि मंडी बमोरा स्टेशन पर बुनियादी यात्री सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने स्टेशन परिसर के समुचित विकास, पहुँच मार्गों की मरम्मत और प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के लिए छायादार स्थान, स्वच्छ पेयजल एवं प्रतीक्षालय जैसी सुविधाओं के उन्नयन की माँग भी रखी।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद की बातों को गंभीरतापूर्वक सुना और भरोसा दिलाया कि सभी मांगों पर मंत्रालय स्तर पर विचार कर शीघ्र निर्णय लिया जाएगा।

क्षेत्रीय जनता को उम्मीद है कि इस महत्वपूर्ण पहल से न केवल यात्री सुविधाओं में सुधार होगा, बल्कि विकास की गति को भी नया आयाम मिलेगा।

ग्रामीण खबर MP-

जनमानस की निष्पक्ष आवाज

विशेष संवाददाता: हाकम सिंह रघुवंशी

Post a Comment

Previous Post Next Post