ग्राम बसाडी में महिलाओं को दिया जा रहा जैविक सब्जी उत्पादन और नर्सरी प्रबंधन का प्रशिक्षण।

 ग्राम बसाडी में महिलाओं को दिया जा रहा जैविक सब्जी उत्पादन और नर्सरी प्रबंधन का प्रशिक्षण।

स्व सहायता समूह की 35 महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु 12 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम,जैविक खेती और कीट नियंत्रण के तकनीकी पहलुओं पर विशेष जोर।

कटनी,ग्रामीण खबर MP:

मध्य प्रदेश शासन ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत जनपद पंचायत बड़वारा द्वारा ग्राम पंचायत भवन बसाडी में 12 दिवसीय जैविक सब्जी उत्पादन एवं नर्सरी प्रबंधन का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में ग्राम बसाडी और सुड्डी की स्व सहायता समूह की 35 महिलाओं को आत्मनिर्भर, स्वावलंबी और स्वरोजगार स्थापित करने की दिशा में मार्गदर्शन दिया जा रहा है।

यह प्रशिक्षण संस्था के प्रबंधक पवन कुमार गुप्ता के निर्देशन, प्रशिक्षण समन्वयक अनुपम पाण्डेय के सहयोग और प्रशिक्षक रामसुख दुबे के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान शासन द्वारा निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार सब्जी उत्पादन और नर्सरी प्रबंधन की विस्तृत जानकारी प्रदान की जा रही है।

प्रशिक्षण के प्रथम चरण में प्रतिभागियों को जैविक खेती की आवश्यकता, रासायनिक और जैविक खेती के बीच अंतर तथा रासायनिक खाद और कीटनाशकों के असंतुलित उपयोग से भूमि, मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों के बारे में बताया गया। इसके साथ ही पौधों के लिए आवश्यक 17 पोषक तत्वों और उनके वर्गीकरण के बारे में समझाया गया।

फसलों में लगने वाले विभिन्न कीट जैसे काटने वाले, कुतरने वाले, रस चूसक और फल छेदक कीटों के साथ-साथ उगरा, उकता, जड़ सड़न और पौध गलन जैसी बीमारियों की पहचान और नियंत्रण की विधियों पर भी विशेष जानकारी दी गई।

विभिन्न जैविक खाद और कीटनाशकों जैसे गोमूत्र, नीम पत्ती, पंच पत्ती काढ़ा, नीमास्त्र, ब्रह्मास्त्र और आग्नेयास्त्र बनाने तथा उनका फसलों में उपयोग करने के तरीकों को भी विस्तार से बताया गया। प्रशिक्षक ने बताया कि देसी गाय के 1 ग्राम गोबर में 300 से 500 करोड़ तक सूक्ष्म जीवाणु पाए जाते हैं और गोमूत्र में 33 प्रकार के तत्व मौजूद होते हैं। गोमूत्र का उपयोग बीज उपचार, जैविक कीटनाशक, शीघ्र खाद और पौध पोषण में किया जा सकता है।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान ग्राम पंचायत बसाडी के सरपंच विकास कुमार पाल सहित प्रशिक्षार्थी अनीता पटेल, जानकी बाई, द्रोपदी पटेल, मेम कली पटेल, सुनैना पटेल, राधाबाई पटेल और पुत्तू बाई पटेल सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं।

ग्रामीण खबर MP-

जनमानस की निष्पक्ष आवाज

प्रधान संपादक:अज्जू सोनी | संपर्क:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post