वेलफेयर स्वजातीय स्वर्णकार समाज सेवा इकाई कटनी की बैठक सम्पन्न, श्री अजमीढ़ देव जयंती की तैयारियों पर चर्चा।
सदस्यता अभियान, छात्र सम्मान एवं धर्मशाला भूमि के लिए समिति गठित।
कटनी,ग्रामीण खबर mp:
वेलफेयर स्वजातीय स्वर्णकार समाज सेवा इकाई जिला कटनी की मासिक बैठक दिनांक 6 जुलाई 2025, रविवार को समाज के कोषाध्यक्ष रामनारायण सोनी (रम्मू) के रचनानगर स्थित निवास पर सादगीपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। बैठक में समाज के दायित्वों, संगठनात्मक मजबूती, भावी योजनाओं एवं सांस्कृतिक आयोजनों को लेकर गंभीर और सकारात्मक चर्चा हुई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य समाज के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत बनाना तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को एक सूत्र में बांधने के लिए सदस्यता अभियान को गति देना रहा। इस हेतु सदस्यता फॉर्म और रसीदों का वितरण किया गया, ताकि जिले के सभी स्वजातीय बंधुओं को संगठन की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। इस अभियान के माध्यम से समाज के युवाओं, बुजुर्गों एवं महिलाओं को भी सक्रिय रूप से भागीदार बनाने की रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक में समाज की धर्मशाला हेतु भूमि क्रय के मुद्दे पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित सभी सदस्यों ने यह महसूस किया कि समाज को एक स्थायी और सुव्यवस्थित धर्मशाला की आवश्यकता है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए वरिष्ठ संरक्षक सुरेश सोनी, रामहित सोनी, मुकेश सोनी, प्रमोद सोनी एवं जिलाध्यक्ष मोहनलाल सोनी को सम्मिलित करते हुए पांच सदस्यीय समिति का गठन किया गया। यह समिति आवश्यक भूमि चयन, निरीक्षण, वार्ता एवं क्रय से संबंधित समस्त प्रारंभिक औपचारिकताएं पूरी करेगी।
इसके साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि श्री अजमीढ़ देव जयंती के अवसर पर समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। ऐसे छात्र-छात्राएं जिन्होंने कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक अर्जित किए हैं, उन्हें प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर समाज स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए जिले के समस्त स्वर्णकार समाज बंधुओं से अपील की गई है कि वे अपने परिवार या जान-पहचान में आने वाले ऐसे बच्चों की अंकसूची की छाया प्रति 30 सितंबर 2025 तक सराफा बाजार कटनी स्थित मिथलेश सोनी एवं रामनारायण सोनी (रम्मू) को सौंपें।
बैठक में यह भी प्रस्ताव पारित हुआ कि आगामी श्री अजमीढ़ देव जयंती को भव्यता प्रदान करने हेतु विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इस हेतु आगामी बैठकों में समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं एवं महिलाओं से सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे, ताकि आयोजन को सामूहिक सहभागिता एवं गरिमा के साथ संपन्न किया जा सके।
कोषाध्यक्ष रामनारायण सोनी (रम्मू) द्वारा समाज द्वारा विगत समय में आयोजित होली मिलन समारोह एवं रामनवमी शोभायात्रा में प्राप्त सहयोग राशि एवं व्यय की समग्र जानकारी बैठक में प्रस्तुत की गई। आय-व्यय के इस ब्यौरे को उपस्थित सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।
बैठक के अंत में सभी समाज बंधुओं से अनुरोध किया गया कि वे समाज की एकता, विकास एवं जागरूकता के लिए अपने विचार, समय एवं सहयोग प्रदान करें ताकि स्वर्णकार समाज न केवल संगठित हो बल्कि भविष्य में समाज के लिए प्रेरणा का केंद्र बन सके।
इस बैठक में समाज के संरक्षक मथुरा प्रसाद सोनी, सुरेश सोनी, मुकेश सोनी, युवा प्रदेश अध्यक्ष रामहित सोनी, अध्यक्ष मोहनलाल सोनी, कोषाध्यक्ष रामनारायण सोनी, सहसचिव उमाकांत सोनी, कार्यकारिणी सदस्य भरतलाल सोनी, मनोनीत युवा अध्यक्ष मिथलेश सोनी, उपाध्यक्ष प्रमोद सोनी, राजेंद्र सोनी (गुड्डा), रामजी सोनी, संगठन मंत्री रोहितास सोनी, प्रचार मंत्री सुनील सोनी (बाकल), जगदीश सोनी, धर्मेंद्र सोनी, राजेश सोनी सहित अनेक स्वजातीय बंधु उपस्थित रहे। बैठक सौहार्द एवं सकारात्मक माहौल में सम्पन्न हुई।
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी,ग्रामीण खबर mp
संपर्क सूत्र:9977110734
