भगवान जगन्नाथ की घर वापसी रथ यात्रा आज निकलेगी।
भाई बलराम और बहन सुभद्रा संग भगवान जगन्नाथ लौटेंगे अपने मंदिर, श्रद्धालुओं में उत्साह।
सिहोरा,ग्रामीण खबर mp:
भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा आज 9 जुलाई को निकाली जाएगी, जिसमें वे अपने भाई बलराम और बहन सुभद्रा के साथ मौसी के घर से अपने निवास मंदिर की ओर प्रस्थान करेंगे। खितौला स्थित नृसिंह मंदिर से यह रथ यात्रा आरंभ होकर विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई बारीबाहू स्टेडियम तक पहुंचेगी।
रथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। नगरवासी भगवान के रथ को अपने हाथों से खींचने का सौभाग्य प्राप्त करेंगे। इस पावन अवसर पर भगवान जगन्नाथ की प्रतिमा को सजे-धजे रथ में विराजमान कर नगर भ्रमण कराया जाएगा। यात्रा नृसिंह मंदिर से प्रारंभ होकर रेलवे फाटक, खितौला बाजार, राधा कृष्ण मंदिर होते हुए बारीबाहू स्टेडियम तक पहुंचेगी।
इस आयोजन की जानकारी देते हुए आयोजक श्यामू चौरसिया, सोनू विश्वकर्मा और नरेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि यात्रा दोपहर 3 बजे नृसिंह मंदिर से प्रारंभ होगी। आयोजन को सफल और भक्तिपूर्ण बनाने हेतु सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं।
आयोजक मंडल द्वारा सभी श्रद्धालुओं, नगरवासियों और भक्तजनों से अपील की गई है कि वे इस शुभ अवसर पर सपरिवार उपस्थित होकर भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा में भाग लें और पुण्य लाभ अर्जित करें।
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी,ग्रामीण खबर mp
संपर्क सूत्र:9977110734
