रोशन नगर की महिलाओं ने सौंपा ज्ञापन, सड़क, नाली और बिजली समस्या को लेकर जताई पीड़ा।
वार्ड क्रमांक 18 की बदहाल गली से परेशान महिलाएं पहुंचीं महापौर-आयुक्त के पास, बोले— नरकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।
कटनी,ग्रामीण खबर mp:
श्रीराम जानकी हनुमान वार्ड क्रमांक 18 अन्तर्गत रोशन नगर की महिलाओं ने प्राइड जिम से लेकर ब्रह्मकुमारी आश्रम वाली गली की दयनीय स्थिति को लेकर नगर निगम महापौर और कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मांग की कि क्षेत्र में बिजली खंभों की लाइन तत्काल चालू की जाए और सड़क एवं नाली निर्माण की व्यवस्था की जाए।
ज्ञापन में बताया गया कि रोशन नगर क्षेत्र के अधिकांश नागरिकों ने नक्शा पास करवाकर विकास शुल्क जमा कर दिया है, इसके बावजूद भी क्षेत्र में मूलभूत सुविधाएं अब तक उपलब्ध नहीं हो पाई हैं। गली में न सड़क है, न नाली, न बिजली—जिससे लोगों को बारिश के मौसम में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है और बच्चों को स्कूल जाने में कठिनाई होती है। गड्ढों और कीचड़ भरे रास्तों के चलते दुर्घटनाएं भी हो रही हैं।
महिलाओं ने बताया कि कई बार बीमार मरीजों को एम्बुलेंस तक पहुंचाने के लिए परिवार वालों को उन्हें कंधे पर या किसी अन्य माध्यम से मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है। क्षेत्र में सर्पदंश की घटनाएं भी सामने आई हैं। जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से गंदा पानी जमा हो जाता है, जिससे संक्रामक बीमारियां फैल रही हैं।
बिजली की समस्या भी गंभीर बनी हुई है। वर्षों पूर्व लगाए गए बिजली के खंभों की लाइन अब तक चालू नहीं की गई है। स्थानीय ठेकेदार गणेश त्रिपाठी के माध्यम से कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है, और विद्युत विभाग की ओर से ट्रांसफार्मर चालू करने हेतु परमिट जारी नहीं किया जा रहा है। मजबूरन नागरिक दूर-दूर से अस्थायी तार खींचकर बिजली ले रहे हैं, जिससे भारी बिल चुकाना पड़ता है और स्ट्रीट लाइट के अभाव में शाम होते ही क्षेत्र में अंधेरा छा जाता है। इससे दुर्घटनाएं और चोरी की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय पार्षद रागिनी मनोज गुप्ता ने जानकारी दी कि उन्होंने विद्युत विभाग के अधीक्षण यंत्री और कार्यपालन यंत्री मुकेश महोबे को पूरा विषय समझाया, लेकिन लाइन चार्जिंग की अनुमति अब तक नहीं दी गई है। वहीं क्षेत्र के सड़क व नाली निर्माण कार्यों के प्रस्ताव भी तैयार हैं, परंतु बजट की कमी के कारण कार्य लंबित हैं।
महापौर ने ज्ञापन प्राप्त करते ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि क्षेत्र की बिजली लाइन तत्काल चालू कराई जाए और सड़क, नाली निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाएं, ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी,ग्रामीण खबर mp
संपर्क सूत्र:9977110734
