हरियाणा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय युवा विकास सम्मेलन में समाजसेवी मंजूषा गौतम को उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए किया गया सम्मानित।
देश-विदेश के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में मिला सम्मान, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण पर युवाओं को दिया मार्गदर्शन, कटनी का बढ़ाया गौरव।
कटनी,ग्रामीण खबर mp:
कटनी की समाजसेवी और अधिवक्ता मंजूषा गौतम को हरियाणा के चंडीगढ़ शहर में आयोजित भव्य अंतरराष्ट्रीय युवा विकास सम्मेलन में उनके सामाजिक सरोकारों और प्रेरणादायक कार्यों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर ने न केवल उन्हें एक राष्ट्रीय स्तर पर बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी एक सशक्त आवाज़ के रूप में प्रस्तुत किया।
चार दिवसीय यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी संस्था दिव्य युवा मंच के तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसका आयोजन चंडीगढ़ के प्रतिष्ठित रावत होटल में किया गया। कार्यक्रम में भारत के विभिन्न 16 राज्यों से आए प्रतिनिधियों के साथ-साथ जॉर्जिया, अफगानिस्तान, नेपाल, नाइजीरिया, श्रीलंका, लाइबेरिया और भूटान जैसे सात देशों से समाजसेवी, चिंतक और युवा प्रतिनिधियों ने भाग लिया। मंच के संस्थापक सुभाष जी ने जानकारी दी कि यह सम्मेलन "विकसित भारत संकल्प" और वैश्विक युवा सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम का उद्घाटन हरियाणा की लोकप्रिय सांसद एवं भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य सुनीता दुग्गल और पद्म श्री से सम्मानित समाजसेवी गुरविंदर सिंह के करकमलों से हुआ। मंच संचालन के दौरान विभिन्न सत्रों में वक्ताओं ने समाज के विभिन्न विषयों—शिक्षा, पर्यावरण, महिला जागरूकता, युवा नेतृत्व, और वैश्विक सहयोग—पर विस्तार से चर्चा की।
इस सम्मेलन की एक प्रमुख उपलब्धि रही, मध्यप्रदेश के कटनी जिले से पहुंची मुस्कान ड्रीम्स फाउंडेशन की चेयरपर्सन अधिवक्ता मंजूषा गौतम को सम्मान प्रदान किया जाना। उन्हें समाज में उनके सतत सामाजिक प्रयासों, महिलाओं एवं युवाओं को सशक्त बनाने के लिए किये गए कार्यों, और पर्यावरण के प्रति जागरूकता अभियान के लिए सम्मानित किया गया।
सम्मान स्वरूप उन्हें सांसद सुनीता दुग्गल और पद्मश्री गुरविंदर सिंह द्वारा मंच पर बुलाकर सम्मान पत्र और प्रशंसा चिन्ह (मोमेंटो) भेंट किया गया। उन्हें देश-विदेश से उपस्थित युवाओं को संबोधित करने का भी गौरवपूर्ण अवसर प्राप्त हुआ, जिसमें उन्होंने युवाओं से "विकसित भारत संकल्प" के तहत नवभारत निर्माण की प्रेरणा दी।
अपने विचारों में मंजूषा गौतम ने कहा, “**जहां हरियाली है, वहां खुशहाली है**। हमें यह समझना होगा कि प्रकृति का संरक्षण केवल जिम्मेदारी नहीं, यह हमारा अस्तित्व है।” उन्होंने उपस्थित युवाओं से अधिक से अधिक वृक्षारोपण और संरक्षण का संकल्प दिलाया। साथ ही उन्होंने महिला सशक्तिकरण को समाज के समग्र विकास की रीढ़ बताते हुए युवतियों को आत्मनिर्भर बनने और समाज में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि यदि हम आज पर्यावरण और महिला विकास जैसे मुद्दों को प्राथमिकता नहीं देंगे तो आने वाली पीढ़ियों के लिए संकट गहरा होगा। इस अवसर पर उनकी स्पष्ट सोच, संवेदनशीलता और सामाजिक प्रतिबद्धता ने वहां उपस्थित देश-विदेश के गणमान्य प्रतिनिधियों को अत्यंत प्रभावित किया।
ज्ञात हो कि मंजूषा गौतम पूर्व में भी कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी समाजसेवा और प्रेरणादायक कार्यशैली के लिए सम्मानित हो चुकी हैं। वे लगातार शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण जागरूकता और युवा विकास जैसे क्षेत्रों में सक्रियता से कार्य कर रही हैं।
कटनी की इस प्रतिभा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान मिलने पर जिलेभर में उत्साह का माहौल देखा गया। नगर के कई राजनीतिक प्रतिनिधियों, उद्योगपतियों,वरिष्ठ समाजसेवियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और कहा कि मंजूषा गौतम ने कटनी का नाम राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी रोशन किया है।
उनकी इस सराहनीय उपलब्धि पर “ग्रामीण खबर mp” परिवार की ओर से भी उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी,ग्रामीण खबर mp
संपर्क सूत्र:9977110734





