बासौदा में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रभारी मंत्री लखन पटेल ने लिया विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में सहभाग।

बासौदा में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रभारी मंत्री लखन पटेल ने लिया विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में सहभाग।

रेलवे स्टेशन निरीक्षण से लेकर पत्रकार भवन लोकार्पण, रक्तदान शिविर और पौधरोपण तक रहा व्यस्त दिन, लखपति दीदी संवाद में लाडली बहनों से की आत्मीय चर्चा।

विदिशा,ग्रामीण खबर mp:

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और पशुपालन एवं डेयरी विभाग के केंद्रीय राज्य मंत्री एवं विदिशा जिले के प्रभारी मंत्री लखन पटेल का बासौदा आगमन सोमवार को विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता के लिए हुआ। बासौदा की जनता ने दोनों मंत्रियों का भव्य स्वागत किया और उनके साथ जनकल्याण एवं विकास के मुद्दों पर संवाद भी हुआ।

केंद्रीय मंत्री के दौरे की शुरुआत गंज बासौदा रेलवे स्टेशन से हुई, जहां उन्होंने स्टेशन पर चल रहे सौंदर्यीकरण, उन्नयन एवं जीर्णोद्धार कार्यों का निरीक्षण किया। यह कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप रेलवे क्षेत्र के आधुनिकीकरण की दिशा में किए जा रहे हैं। स्टेशन पहुंचने पर स्टेशन मास्टर ने उन्हें अब तक संपन्न कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर मंत्री द्वय ने स्टेशन परिसर में लगाई गई छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जिसमें विकास कार्यों को चित्रों के माध्यम से दर्शाया गया था। इसके साथ ही विश्राम कक्षों में जाकर यात्रीगणों से संवाद कर सुविधाओं के संबंध में फीडबैक भी प्राप्त किया।

इसके पश्चात तहसील कार्यालय क्षेत्र में निर्मित पत्रकार भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में मंत्री द्वय शामिल हुए। यह भवन गंजबासौदा के वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय अनिल यादव की स्मृति में निर्मित किया गया है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने फीता काटकर इस भवन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में उन्होंने स्व. अनिल यादव के कार्यों और समाज के प्रति उनकी निष्ठा को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पत्रकारिता को लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ बताते हुए उन्होंने कहा कि इस भवन से पत्रकारों को बेहतर कार्य परिवेश मिलेगा।

लोकार्पण के बाद केंद्रीय मंत्री और प्रभारी मंत्री ने अनिल दाऊ सोशल वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा संचालित रक्तदान शिविर का अवलोकन किया और रक्तदाताओं से आत्मीय संवाद कर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और समाज में ऐसे शिविरों का आयोजन नियमित रूप से होते रहना चाहिए। इसके उपरांत दोनों मंत्री पौधरोपण कार्यक्रम में भी सम्मिलित हुए, जहां बरगद का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। केंद्रीय मंत्री ने उपस्थितजनों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और उनके संरक्षण की अपील की।

दिन के अंतिम चरण में मानस भवन में आयोजित लखपति दीदी संवाद कार्यक्रम में मंत्री शिवराज सिंह चौहान विशेष रूप से शामिल हुए। जनपद पंचायत अध्यक्ष नीतू देवेंद्र रघुवंशी ने स्वागत भाषण में पंचायत स्तर पर चल रही विभिन्न योजनाओं और महिला सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। इस अवसर पर 'मामा' के नाम से पहचाने जाने वाले शिवराज सिंह चौहान ने लाडली बहनों से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि अब समय आ गया है जब 'लखपति दीदी' को 'महा लखपति दीदी' बनना होगा। उन्होंने बहनों से आत्मनिर्भर बनने, समूह में जुड़ने और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में बासौदा विधायक हरिसिंह रघुवंशी, कुरवाई विधायक हरिसिंह सप्रे, कलेक्टर अंशुल गुप्ता, पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी, जिला पंचायत सीईओ सहित जिले के सभी विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, सैंकड़ों की संख्या में लाडली बहनें और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

बासौदा में इस दिन का वातावरण एक उत्सव जैसा बना रहा, जहां जनप्रतिनिधियों और आमजन के बीच सीधा संवाद, जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और सहभागिता देखने को मिली।


ग्रामीण खबर एमपी

विदिशा जिला ब्यूरो चीफ:यशवंत सिंह रघुवंशी

Post a Comment

Previous Post Next Post