ई-अटेंडेंस के खिलाफ शिक्षकों का मोर्चा, आज सौंपेंगे मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन।
राज्य शिक्षक संघ के आह्वान पर जबलपुर कलेक्ट्रेट में शाम 4:30 बजे होगा ज्ञापन कार्यक्रम।
सिहोरा,ग्रामीण खबर mp:
राज्य सरकार द्वारा शिक्षकों के लिए लागू की गई ई-अटेंडेंस प्रणाली को लेकर लगातार असंतोष का माहौल बनता जा रहा है। इसी क्रम में राज्य शिक्षक संघ के प्रांतीय आव्हान पर जिले के शिक्षक आज 8 जुलाई को जबलपुर कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। यह कार्यक्रम आज शाम 4:30 बजे आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में शिक्षकों की भागीदारी अपेक्षित है।
संघ के जिला अध्यक्ष नरेंद्र त्रिपाठी ने जानकारी दी कि ई-अटेंडेंस व्यवस्था को लेकर पहले भी ब्लॉक स्तर पर चरणबद्ध प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री तक अपनी बात पहुंचाने का प्रयास किया गया था। उस दौरान शिक्षकों ने स्पष्ट किया था कि ई-अटेंडेंस प्रणाली यदि लागू करनी है, तो उसे केवल शिक्षकों पर थोपने के बजाय राज्य के समस्त शासकीय विभागों के समस्त कर्मचारियों पर एकसमान लागू किया जाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि ई-अटेंडेंस के तहत शिक्षकों को प्रतिदिन स्कूल समय से पहले उपस्थिति दर्ज करानी होती है, जो कई बार तकनीकी दिक्कतों के कारण असंभव हो जाता है। इससे शिक्षकों पर अनावश्यक मानसिक दबाव बन रहा है और शिक्षकीय कार्य के साथ-साथ प्रशासनिक प्रक्रिया में भी बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं।
संघ का तर्क है कि यदि पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करना ही उद्देश्य है, तो केवल शिक्षा विभाग के शिक्षकों को टारगेट करना अन्यायपूर्ण है। आज के ज्ञापन कार्यक्रम में जिले भर के शिक्षक एकत्र होकर इस व्यवस्था के विरोध में एक सशक्त और संगठित आवाज मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे।
संघ के पदाधिकारियों ने सभी शिक्षकों से अपील की है कि वे दोपहर 4 बजे तक जबलपुर कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं और इस संयुक्त प्रयास को सफल बनाएं।
शिक्षकों की यह भी मांग है कि सरकार उनकी बातों को गंभीरता से ले और बिना संवाद के जबरन थोपे गए निर्णयों पर पुनर्विचार करे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शिक्षक ई-अटेंडेंस के पूरी तरह खिलाफ नहीं हैं, लेकिन इसकी प्रक्रिया और निष्पक्षता को लेकर व्यापक सुधार आवश्यक है।
यदि सरकार उनकी मांगों को अनसुना करती है, तो आने वाले समय में प्रदेश भर में बड़े स्तर पर आंदोलन की रणनीति भी तैयार की जा सकती है। राज्य शिक्षक संघ के इस अभियान को प्रदेश के अन्य जिलों में भी समर्थन मिल रहा है, जिससे यह आंदोलन एक राज्यव्यापी आंदोलन का रूप ले सकता है।
ज्ञापन कार्यक्रम को लेकर शिक्षकों में खासा उत्साह और जागरूकता देखी जा रही है। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया, व्हाट्सएप ग्रुप्स और व्यक्तिगत संपर्कों के माध्यम से शिक्षकों को जागरूक किया गया, ताकि अधिकतम संख्या में शिक्षक इस जनहित मुद्दे पर एकत्र होकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रख सकें।
कार्यक्रम के दौरान संघ के विभिन्न पदाधिकारी, वरिष्ठ शिक्षक, महिला शिक्षक और नव नियुक्त शिक्षक भी मौजूद रहेंगे, जो इस प्रणाली से होने वाली व्यावहारिक परेशानियों को विस्तार से रेखांकित करेंगे।
कार्यक्रम की समाप्ति के बाद एक संक्षिप्त समीक्षा बैठक भी प्रस्तावित है, जिसमें आगे की रणनीति और आवश्यक कार्रवाई पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी,ग्रामीण खबर mp
संपर्क सूत्र:9977110734
