भारतीय जनता पार्टी सिलौंडी मंडल के नवनियुक्त पदाधिकारियों की बैठक एवं सम्मान समारोह दशरमन गांव में विधायक और पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न।
विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह और सांसद प्रतिनिधि पद्मेश गौतम ने नव पदाधिकारियों को किया सम्मानित, संगठन विस्तार व आगामी योजनाओं को लेकर हुई गहन चर्चा।
सिलौंडी,ग्रामीण खबर mp:
भारतीय जनता पार्टी के सिलौंडी मंडल अंतर्गत ग्राम दशरमन में पार्टी द्वारा एक गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें नव नियुक्त मंडल पदाधिकारियों की बैठक एवं सम्मान समारोह संपन्न हुआ। इस विशेष आयोजन में बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह एवं सांसद प्रतिनिधि पद्मेश गौतम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने नव नियुक्त पदाधिकारियों का अंग वस्त्र और पुष्पहार पहना कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष मनीष सिंह बागरी ने की, जिन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को उनके दायित्वों की शुभकामनाएं दीं और संगठन को मजबूत करने के लिए सभी से सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया। इस दौरान मंडल उपाध्यक्ष सीमा भरत शुक्ला, अमित राय, सोनू दुबे, शैलेश जैन, अरविंद तिवारी, महामंत्री सत्यम दहिया, सदन तिवारी, मंत्री मुन्नी बाई पाल, सोनल मिश्रा, संतरी बाई, कुशम देवी सिंह बागरी, संतोष साहू, अनिता गिरी, कार्यालय मंत्री विनोद राय, मीडिया प्रभारी प्रदीप बर्मन, सोशल मीडिया प्रभारी धीरज जैन और आईटी प्रभारी सतीश साहू को मंच पर बुलाकर उनका अभिनंदन किया गया।
विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती बूथ स्तर पर सक्रियता से ही संभव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे प्रधानमंत्री के "संकल्प से सिद्धि" के मार्गदर्शन को आत्मसात करते हुए संगठन की जड़ों को और अधिक मज़बूत करें। वहीं सांसद प्रतिनिधि पद्मेश गौतम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में कार्यकर्ता ही रीढ़ की हड्डी होते हैं और संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभाना एक गौरव की बात है। उन्होंने पार्टी की भावी योजनाओं, आगामी सदस्यता अभियान और जनजागरण कार्यक्रमों की जानकारी दी।
बैठक में ग्राम स्तर से लेकर मंडल स्तर तक संगठन की मजबूती, संपर्क अभियान, सामाजिक समरसता कार्यक्रम, लाभार्थी संवाद एवं डिजिटल सशक्तिकरण जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने अपने विचार रखे और क्षेत्र में पार्टी की प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए योजनाबद्ध ढंग से काम करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन दक्षता के साथ संपन्न हुआ और स्थानीय कार्यकर्ताओं की सहभागिता उल्लेखनीय रही। कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्र से बड़ी संख्या में पार्टी समर्थक, कार्यकर्ता, पंचायत प्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजन के समापन पर सभी ने संगठन के प्रति अपनी निष्ठा दोहराते हुए आने वाले समय में पार्टी की नीतियों को आमजन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। बैठक और सम्मान समारोह ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया और सिलौंडी मंडल को संगठनात्मक रूप से सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।