कटनी के नए एसपी बने अभिनय विश्वकर्मा, दतिया एसपी व चंबल आईजी-डीआईजी को भी हटाया गया।

 कटनी के नए एसपी बने अभिनय विश्वकर्मा, दतिया एसपी व चंबल आईजी-डीआईजी को भी हटाया गया।

महिला सिटी एसपी के पति पर हमले के बाद पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिखाई जीरो टॉलरेंस की नीति।

कटनी,ग्रामीण खबर MP:

मध्यप्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा और निर्णायक कदम उठाते हुए प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल किया है। हाल ही में कटनी जिले में पदस्थ महिला सिटी एसपी के पति पर दिनदहाड़े हुए हमले के बाद पुलिस की निष्क्रियता और संवेदनहीनता पर गंभीर सवाल उठे। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने कटनी और दतिया के पुलिस अधीक्षकों के साथ-साथ चंबल रेंज के आईजी और डीआईजी को तत्काल प्रभाव से उनके पदों से हटा दिया है।

यह निर्णय मुख्यमंत्री कार्यालय से सीधे निर्देशों के तहत लिया गया है। हटाए गए अधिकारियों को अब मंत्रालय में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है। मुख्यमंत्री ने इस घटना को “लोकसेवा में खेदजनक व्यवहार” करार देते हुए इसे गंभीर लापरवाही का उदाहरण बताया और साफ किया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा।

        पुलिस की निष्क्रियता पर उठे सवाल:

कटनी में हुई इस घटना ने आम जनता में आक्रोश फैला दिया। महिला सिटी एसपी के पति पर खुलेआम हमला हुआ, लेकिन स्थानीय पुलिस की कार्यशैली और तत्परता पर गंभीर प्रश्नचिन्ह लग गए। आरोप लगे कि पुलिस ने घटना को दबाने की कोशिश की और अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई। इस मामले ने न केवल जनमानस को झकझोरा, बल्कि मीडिया और राजनीतिक गलियारों में भी तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं।

       पूर्व से ही थे कई शिकायतों के घेरे में:

सूत्रों के अनुसार, चंबल रेंज के आईजी और डीआईजी पर पहले से ही क्षेत्र में अपराधों में बढ़ोत्तरी, आम जनता से संवादहीनता और पुलिस की निष्क्रियता जैसे आरोप लगते रहे हैं। कटनी और दतिया के एसपी की कार्यप्रणाली को लेकर भी राज्य सरकार को समय-समय पर शिकायतें प्राप्त होती रही थीं। मुख्यमंत्री ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जनसुरक्षा से जुड़ी किसी भी प्रकार की कोताही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कटनी को मिला नया एसपी–अभिनय विश्वकर्मा:

मुख्यमंत्री की सख्त कार्रवाई के साथ कटनी जिले को एक नया पुलिस अधीक्षक मिला है – श्री अभिनय विश्वकर्मा। जबलपुर के आधारताल निवासी श्री विश्वकर्मा का जीवन संघर्ष और मेहनत की मिसाल है। उन्होंने एक लाख रुपये मासिक वेतन वाली निजी कंपनी की नौकरी छोड़कर यूपीएससी की तैयारी की और 196वीं रैंक हासिल कर भारतीय पुलिस सेवा में चयनित हुए।

श्री विश्वकर्मा ने जबलपुर के सेंट अलॉयसियस स्कूल और केंद्रीय विद्यालय वीएफजे से स्कूली शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने आईआईटी-बीएचयू से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। एक प्रतिष्ठित ऑटोमोबाइल कंपनी में काम करने के दौरान भी उनका लक्ष्य आईपीएस बनने का था। उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी बनाई, केवल परिवार से संवाद रखा और रोज 15 से 18 घंटे की मेहनत करते हुए सफलता अर्जित की। 

                संघर्षों से सफलता तक:

मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाले अभिनय विश्वकर्मा के पिता श्री मोती विश्वकर्मा पटवारी हैं और माँ श्रीमती कल्पना विश्वकर्मा कोसमघाट में प्रधानाध्यापक हैं। परिवार में उनके दो भाई भी हैं। अभिनय की यह यात्रा उन युवाओं के लिए प्रेरणा है जो कड़ी मेहनत और संकल्प के बल पर अपने लक्ष्य को प्राप्त करना चाहते हैं।

कटनी आने से पहले वे इंदौर में नगरीय पुलिस उपायुक्त के पद पर कार्यरत थे, जहाँ उन्होंने अपने काम से खासी सराहना अर्जित की। अब कटनी जैसे संवेदनशील जिले की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है, जहाँ आमजन उम्मीद कर रहे हैं कि प्रशासन को नई ऊर्जा और पारदर्शिता मिलेगी।

जवाबदेही की मिसाल बना प्रशासनिक निर्णय:

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की यह कार्रवाई प्रदेश की नौकरशाही और पुलिस व्यवस्था के लिए एक सख्त संदेश है कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि प्रशासन को संवेदनशील, जवाबदेह और निष्पक्ष बनाना समय की मांग है, और इसमें कोई भी चूक स्वीकार नहीं की जाएगी।

              नई पदस्थापनाएं जल्द:

राज्य सरकार द्वारा हटाए गए अधिकारियों के स्थान पर नई नियुक्तियों की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रभावित जिलों में कानून व्यवस्था को बहाल करने और जनता के भरोसे को पुनः मजबूत करने हेतु सरकार सजग और सक्रिय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की पारदर्शिता और कार्यशैली में सुधार लाना उनकी प्राथमिकता है। जनता का विश्वास कायम रखने के लिए प्रशासन को हर स्थिति में उत्तरदायी रहना होगा।


प्रधान संपादक:अज्जू सोनी,ग्रामीण खबर MP
संपर्क सूत्र:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post