भारतीय सेना के शौर्य को समर्पित होगी 'जय हिंद यात्रा', 12 मई को कटनी में होगा ऐतिहासिक आयोजन।

 भारतीय सेना के शौर्य को समर्पित होगी 'जय हिंद यात्रा', 12 मई को कटनी में होगा ऐतिहासिक आयोजन।

शाम 5 बजे साधु राम स्कूल से शुरू होकर सुभाष चौक तक निकलेगी यात्रा, आमजन से सहभागिता की अपील।

कटनी,ग्रामीण खबर mp:

देश की सीमाओं की रक्षा में सदैव तत्पर और अदम्य साहस का परिचय देने वाली भारतीय सेना के सम्मान में आगामी 12 मई को कटनी शहर में 'जय हिंद यात्रा' का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य सेना के अद्वितीय शौर्य, पराक्रम और बलिदान को जनसामान्य के बीच सम्मानपूर्वक प्रस्तुत करना है।

भारत-पाकिस्तान युद्धों के दौरान भारतीय सेना ने जिस वीरता और रणकौशल का प्रदर्शन किया, उसने न केवल देशवासियों का सिर गर्व से ऊंचा किया, बल्कि पूरी दुनिया को भारतीय सैन्य ताकत का लोहा मानने पर विवश कर दिया। इसी गौरवगाथा को जन-जन तक पहुंचाने और वीर सैनिकों को सैल्यूट करने के लिए 'जय हिंद यात्रा' आयोजित की जा रही है।

जिला कांग्रेस प्रवक्ता एडवोकेट संदीप जायसवाल जीतू ने जानकारी दी कि यह यात्रा 12 मई, दिन सोमवार को शाम 5 बजे साधु राम स्कूल से आरंभ होगी। यात्रा का रूट झंडा बाजार, सिल्वर टॉकीज रोड, टिकिया मल चौराहा, गजानन टॉकीज मार्ग, मैंन रोड से होते हुए सुभाष चौक पर समाप्त होगा।

इस यात्रा के माध्यम से यह संदेश दिया जाएगा कि देश की जनता अपने वीर जवानों के प्रति पूरी निष्ठा और सम्मान रखती है। यह यात्रा देशभक्ति की भावना को जाग्रत करेगी और लोगों को यह याद दिलाएगी कि वे जिन स्वतंत्रता और सुरक्षा का अनुभव कर रहे हैं, उसके पीछे सैनिकों का अपार बलिदान है।

'जय हिंद यात्रा' में बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, समाजसेवियों और विभिन्न संगठनों से भागीदारी की अपेक्षा की जा रही है। यह आयोजन ना केवल एक श्रद्धांजलि होगा बल्कि एकता, देशप्रेम और नागरिक उत्तरदायित्व का भी प्रतीक बनेगा।

आयोजन से जुड़े सभी लोगों द्वारा कटनी शहरवासियों से अपील की गई है कि वे समय पर उपस्थित होकर इस राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत आयोजन को सफल बनाएं और सेना के प्रति अपना सम्मान व्यक्त करें।


प्रधान संपादक: अज्जू सोनी,ग्रामीण खबर mp
संपर्क सूत्र: 9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post