सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में नशा मुक्ति, स्वच्छता और सामाजिक कार्यों की शिक्षा।

 सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में नशा मुक्ति, स्वच्छता और सामाजिक कार्यों की शिक्षा।

शासकीय महाविद्यालय सिलौंडी में राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत आयोजित शिविर का समापन।

सिलौंडी,ढीमरखेड़ा:

शासकीय महाविद्यालय सिलौंडी द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन ग्राम पंचायत कचनारी स्थित मां वीरासन देवी मंदिर प्रांगण में किया गया। इस शिविर का समापन समारोह बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह, मंडल अध्यक्ष मनीष बागरी और पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रशांत राय की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

समापन समारोह में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दीं और नुक्कड़ नाटक का मंचन किया। इन प्रस्तुतियों में समाज के समक्ष उपस्थित चुनौतियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने अपने संबोधन में छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति समाज का भविष्य है और उनका हर एक प्रयास देश की प्रगति में योगदान देता है।

समारोह में पान उमरिया मंडल अध्यक्ष आशीष चौरसिया, हर्ष द्विवेदी, सरपंच द्रोपदी बहादुर सिंह, पाली सरपंच दीनू सिंह, मोती हल्दकार, विजय राय, प्राचार्य प्रभारी रतिराम अहिरवार, सचिव विनोद बागरी सहित महाविद्यालय का संपूर्ण स्टाफ उपस्थित रहा। इन सभी ने छात्र-छात्राओं के प्रयासों की सराहना की और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का निर्देशन डॉक्टर लक्ष्मी प्रसाद बागरी ने किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को सामाजिक कार्यों से जुड़ने और गांव, जमीन और जंगल के माध्यम से देश की प्रगति में योगदान देने के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि आज के युवा यदि नशा मुक्ति, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दों पर गंभीरता से काम करें तो समाज में सकारात्मक बदलाव आ सकता है।

शिविर के दौरान विभिन्न विषयों पर कार्यशालाओं का आयोजन किया गया जिसमें नशा मुक्ति, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा का महत्व, स्वास्थ्य और स्वच्छ जल जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। छात्रों ने गांव में स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत घर-घर जाकर लोगों को नशे से होने वाले नुकसान के बारे में बताया और नशे से दूर रहने की अपील की।

शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं में नेतृत्व क्षमता का विकास करना था, जिससे वे समाज में जाकर लोगों की समस्याओं को समझ सकें और उनके समाधान का प्रयास कर सकें। इस दौरान छात्रों ने गांव के विभिन्न हिस्सों में जाकर सर्वेक्षण किया और लोगों की समस्याओं को समझा। उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैठकर उनकी समस्याओं पर चर्चा की और उन्हें समाधान के उपाय सुझाए।

शिविर के अंतिम दिन छात्रों ने स्वच्छता रैली निकाली और नशा मुक्ति का संदेश दिया। रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया। शिविर की समाप्ति पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

समापन समारोह के अंत में प्राचार्य प्रभारी रतिराम अहिरवार ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं का धन्यवाद ज्ञापित किया और इस प्रकार सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का सफल समापन हुआ।


प्रधान संपादक:अज्जू सोनी
संपर्क सूत्र:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post