अहमदपुर में लायंस क्लब विदिशा का यातायात जागरूकता अभियान संपन्न।

 अहमदपुर में लायंस क्लब विदिशा का यातायात जागरूकता अभियान संपन्न।

हाट बाजार में लायंस क्लब ने यातायात सुरक्षा के प्रति लोगों को किया जागरूक, पंपलेट वितरण से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया।

विदिशा:

लायंस क्लब विदिशा ने अहमदपुर ग्राम के हाट बाजार में एक व्यापक यातायात जागरूकता अभियान का आयोजन किया। क्लब के मीडिया प्रभारी लायन सत्येंद्र धाकड़ ने बताया कि हाट बाजार में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए इस अभियान की योजना बनाई गई थी। लायंस क्लब की टीम ने समूहों में लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी और पंपलेट वितरित किए, जिसमें सुरक्षित ड्राइविंग, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व जैसे विषयों पर जानकारी दी गई।

इस कार्यक्रम का व्यापक प्रभाव देखा गया। कई लोगों ने पंपलेट्स की तस्वीरें खींचकर सोशल मीडिया पर साझा कीं। कुछ लोगों ने बताया कि वे हाल ही में वाहन चलाना सीख रहे थे और यह जानकारी उनके लिए बेहद उपयोगी रही। स्थानीय व्यापारियों जैसे सब्जी, किराना, चूड़ी, कपड़े, चाट और चाय विक्रेताओं को भी पंपलेट वितरित किए गए, जिससे जागरूकता का दायरा और बढ़ गया।

अभियान को सफल बनाने में अहमदपुर ग्रामवासियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लायंस क्लब अध्यक्ष लायन अरुण कुमार सोनी, लायन जयंती सोनी, लायन घनश्याम स्वर्णकार और उनकी टीम के साथ पंचायत सरपंच शिवचरण शर्मा, पूर्व सरपंच उमराव सिंह कुशवाह, वरिष्ठ शिक्षक पन्नालाल किरार, दीपक राठौर और अन्य ग्रामवासी सक्रिय रूप से शामिल हुए।

यह अभियान लायंस क्लब विदिशा की समाज सेवा और जागरूकता प्रयासों का एक और उदाहरण है, जो भविष्य में भी जारी रहेगा।

ग्रामीण खबर एमपी, विदिशा जिला ब्यूरो, यशवंत सिंह रघुवंशी।

Post a Comment

Previous Post Next Post