ट्रेन से गिरकर युवक की मौत,प्रयागराज एक्सप्रेस से गिरकर गई जान।

 ट्रेन से गिरकर युवक की मौत,प्रयागराज एक्सप्रेस से गिरकर गई जान।

विदिशा,गंज बासौदा:

गंज बासौदा से थोड़ी दूरी पर छुल्हेंटा स्टेशन के पास प्रयागराज एक्सप्रेस से गिरकर एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक प्रयागराज महाकुंभ के लिए यात्रा कर रहा था, लेकिन ट्रेन में भारी भीड़ के चलते सफर करना मुश्किल हो रहा था।  

प्रयागराज महाकुंभ के कारण ट्रेनों में भारी भीड़:

फिलहाल प्रयागराज महाकुंभ में जाने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ट्रेनों में उमड़ रही है। कई यात्रियों को रिजर्वेशन होने के बावजूद अपनी सीट तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। सामान्य डिब्बों में भी खचाखच भीड़ भरी हुई है, जिससे यात्री असहज सफर करने को मजबूर हैं। इसी अफरा-तफरी के बीच यह हादसा हुआ।  

यात्रा के दौरान हादसा, ट्रेन से गिरकर हुई मौत:

जीआरपी सहायक उप निरीक्षक बलवंत सिंह ने बताया कि छुल्हेंटा स्टेशन के आगे, क्योटन नदी के पहले झाड़ियों में एक युवक के गिरने की सूचना मिली थी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां प्रयागराज एक्सप्रेस से गिरा युवक मृत अवस्था में पड़ा मिला।  

युवक की पहचान, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा:

हादसे की सूचना पर रेलवे पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने जांच शुरू की। मौके से मिले दस्तावेजों के आधार पर युवक की पहचान साकेत नगर, काला बाग निवासी 37 वर्षीय अंशुल चौहान के रूप में हुई।  

ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर चेतन बामुरिया ने बताया कि सोमवार की रात लगभग 10:30 बजे प्रयागराज एक्सप्रेस स्टेशन पर आई थी। इसी ट्रेन में अंशुल चौहान सवार थे और छुल्हेंटा के पास सफर के दौरान ट्रेन से गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।  

मंगलवार सुबह मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। अंशुल चौहान भोपाल पुलिस विभाग में कार्यरत आशीष चौहान के छोटे भाई थे। इस हादसे के बाद परिवार में शोक की लहर है।  

            रेलवे प्रशासन पर उठे सवाल:

इस दर्दनाक हादसे के बाद रेलवे प्रशासन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे द्वारा अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था क्यों नहीं की गई? क्यों श्रद्धालुओं को असुविधा झेलनी पड़ रही है? इन सवालों का जवाब रेलवे प्रशासन को देना होगा।  

रेलवे और प्रशासन को इस घटना से सबक लेते हुए भविष्य में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है, ताकि इस तरह के हादसे दोबारा न हों।


ग्रामीण खबर mp से विशेष संवाददाता हाकम सिंह रघुवंशी की रिपोर्ट।

Post a Comment

Previous Post Next Post