शराब की अवैध पैकारी बंद कराने की मांग,सिलौंडी भाजपा मंडल अध्यक्ष ने जनसुनवाई में उठाया मुद्दा।
सिलौंडी:
सिलौंडी भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष बागरी ने कलेक्टर दिलीप यादव की जनसुनवाई में आवेदन देकर क्षेत्र में शराब की अवैध पैकारी बंद कराने की मांग की।
मनीष बागरी ने बताया कि सिलौंडी क्षेत्र के हर गांव में अवैध रूप से शराब बेची जा रही है, जिससे शाम होते ही शराबियों द्वारा गुंडागर्दी की घटनाएं बढ़ जाती हैं। उन्होंने कहा कि गांवों में आसानी से शराब मिलने के कारण नशाखोरी की आदत बढ़ रही है, जिससे परिवारों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
ग्राम गोपालपुर, लालपुर, नेगाई, किसागी, कचनारी, पाली सहित अन्य गांवों के जागरूक नागरिकों और महिलाओं ने इस समस्या की शिकायत की है। उनका कहना है कि गांवों में अवैध शराब की बिक्री से उनके पति और बच्चे अधिक शराब पीने लगे हैं, जिससे परिवारों में कलह और सामाजिक समस्याएं बढ़ रही हैं।
सिलौंडी में आधार पंजीयन केंद्र और बैंक शाखा खोलने की मांग:
मनीष बागरी ने जनसुनवाई में सिलौंडी में आधार पंजीयन केंद्र और भारतीय स्टेट बैंक की शाखा खोलने का भी आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के लोगों को बैंकिंग और आधार से जुड़ी सेवाओं के लिए दूर जाना पड़ता है, जिससे उन्हें परेशानी होती है।
गजनंदा तालाब के पुनर्निर्माण की अपील:
इसके अलावा, मंडल अध्यक्ष ने ग्राम किसगी स्थित गजनंदा तालाब के पुनर्निर्माण कार्य को शुरू करने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि तालाब के पुनर्निर्माण से क्षेत्र में जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होगा।
