ग्राम घुघरी में कलश यात्रा के साथ श्री राम महायज्ञ का भव्य शुभारंभ, श्रद्धालुओं मैं उल्लास।

 ग्राम घुघरी में कलश यात्रा के साथ श्री राम महायज्ञ का भव्य शुभारंभ, श्रद्धालुओं मैं उल्लास।

घुघरी,उमरिया पान:

ग्राम घुघरी में भक्तिमय वातावरण के बीच श्री राम महायज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ। महायज्ञ के प्रथम दिवस की शुरुआत कलश यात्रा से हुई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु बड़ी श्रद्धा और उल्लास के साथ शामिल हुए। यह यात्रा खेर माता मंदिर से प्रारंभ होकर संतोषी माता, शनि देव, चंडी माता होते हुए पुनः खेर माता मंदिर में सम्पन्न हुई। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन करते हुए आध्यात्मिक माहौल निर्मित किया।  

महायज्ञ में ग्राम के गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस पावन अवसर पर ब्रजेश गौतम, जगमोहन मिश्रा, पुष्पराज परौहा, विनीत परौहा, संदीप नामदेव सहित सैकड़ों ग्रामीणों की सहभागिता देखने को मिली। आयोजन समिति ने बताया कि महायज्ञ पूरे सात दिवसीय होगा, जिसमें विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान और प्रवचन आयोजित किए जाएंगे।  

महायज्ञ में मुख्य जजमान के रूप में द्वारका प्रसाद पटेल, झींगो तिवारी और रामबाई उपस्थित रहे। यज्ञाचार्य के रूप में पंडित श्री अमित कृष्ण शास्त्री जी, उज्जैन से पधारे, जिन्होंने विधि-विधान से यज्ञ की शुरुआत कराई। उनकी मंत्रोच्चार की ध्वनि से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया।  

श्री राम महायज्ञ के साथ-साथ संगीतमय श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें कथा व्यास के रूप में पंडित श्री उद्धव जी महाराज प्रवचन कर रहे हैं। उनके प्रवचनों को सुनने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। उनकी कथा में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति, धर्म और सत्कर्म का महत्व बताया जा रहा है।  

महायज्ञ आयोजन समिति ने समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। समिति के सदस्यों ने बताया कि महायज्ञ के दौरान भंडारे और अन्य धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें सभी भक्तों को आमंत्रित किया गया है।  

ग्रामवासियों का कहना है कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक जागृति आती है और संस्कारों का प्रसार होता है। श्रद्धालु बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ इस महायज्ञ में भाग ले रहे हैं, जिससे पूरे गांव का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।


प्रधान संपादक:अज्जू सोनी
संपर्क सूत्र:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post