कमलनाथ की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प,नकुलनाथ को पांच लाख मतों से जिताने का लक्ष्य।
हरीश चौधरी बोले-11 चुनाव जीतने वाले देश के एकमात्र नेता हैं कमलनाथ,जीतू पटवारी ने कहा-नकुलनाथ को पांच लाख मतों से जिताएंगे।
कटनी/मध्य प्रदेश। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं छिंदवाड़ा से विधायक तथा पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की राजनीतिक विरासत और छिंदवाड़ा में कांग्रेस की मजबूत पकड़ को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह दिखाई दिया। जिला मुख्यालय में आयोजित दो दिवसीय कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर में मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व सांसद नकुलनाथ की विशेष मौजूदगी में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आगामी लोकसभा चुनाव में नकुलनाथ को पांच लाख मतों से विजयी बनाने का संकल्प लिया।
प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने कमलनाथ की राजनीतिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि 11 चुनाव जीतने वाले देश के एकमात्र नेता कमलनाथ की तुलना किसी से नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा कांग्रेस के लिए केवल एक संसदीय क्षेत्र नहीं, बल्कि संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं की मेहनत का ऐसा उदाहरण है, जिसने देश की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई है।
चौधरी ने कहा कि छिंदवाड़ा संसदीय क्षेत्र से कमलनाथ कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नौ बार लोकसभा सांसद रह चुके हैं। इसके अलावा वे दो बार विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं। इसी राजनीतिक यात्रा में पूर्व सांसद अलका नाथ और नकुलनाथ ने भी छिंदवाड़ा का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि लगातार जीत का यह सिलसिला संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत, जनता के साथ उनके संपर्क और कांग्रेस के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में नकुलनाथ को पांच लाख मतों से विजयी बनाने का लक्ष्य लेकर संगठन को अभी से पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर जनता से संवाद करें और संगठन की विचारधारा तथा जनहित के मुद्दों को मजबूती के साथ जनता के बीच रखें।
प्रशिक्षण शिविर में वक्ताओं ने कहा कि राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता छिंदवाड़ा के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मिलना चाहते हैं कि आखिर किस प्रकार लगातार मेहनत और संगठनात्मक एकजुटता के बल पर कमलनाथ की जीत का रिकॉर्ड कायम किया गया। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वे आगामी चुनाव में भी इसी एकजुटता और अनुशासन के साथ काम करें।
इसी क्रम में शिकारपुर निवास पर पूर्व सांसद नकुलनाथ से छिंदवाड़ा विधानसभा प्रभारी करण सिंह चौहान ने लंबी मुलाकात की। दोनों के बीच संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। श्री चौहान ने नकुलनाथ से कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करने के लिए लगातार कार्यकर्ताओं के बीच संवाद जरूरी है। जिस प्रकार नकुलनाथ नियमित रूप से छिंदवाड़ा आते हैं, उसी तरह भोपाल में भी कार्यकर्ताओं से संवाद के कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए।
करण सिंह चौहान ने कहा कि भोपाल में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित होने से संगठन के जमीनी कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ेगा और उन्हें पार्टी की आगामी रणनीति तथा कार्यक्रमों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा। मुलाकात के दौरान संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका देने सहित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
जबलपुर से छिंदवाड़ा की यात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं के बीच पुराने राजनीतिक और संगठनात्मक संबंधों की यादें भी ताजा हुईं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मित्रवत अंदाज में छिंदवाड़ा विधानसभा प्रभारी करण सिंह चौहान से कहा, “चलो मित्र, गाड़ी में बैठो, तुम तो छिंदवाड़ा के प्रभारी हो।” इसके बाद दोनों नेताओं ने जबलपुर से छिंदवाड़ा तक एक साथ यात्रा की।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने अपने युवा कांग्रेस के दौर की पुरानी यादों को भी साझा किया। जब जीतू पटवारी इंदौर युवा कांग्रेस के अध्यक्ष थे, उमंग सिंघार धार जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष और करण सिंह चौहान कटनी जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष हुआ करते थे। उस दौर में तीनों नेताओं ने भोपाल और दिल्ली में आयोजित विभिन्न आंदोलनों एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों में साथ भाग लिया था। वर्षों बाद एक साथ यात्रा के दौरान उन दिनों की राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों की यादें फिर से ताजा हो गईं।
जबलपुर से छिंदवाड़ा की यात्रा में मध्य प्रदेश कांग्रेस के संगठन प्रभारी उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे तथा जबलपुर प्रभारी राजकुमार खुराना भी साथ रहे। यात्रा के दौरान संगठन की गतिविधियों, आगामी चुनावी तैयारियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर कटनी से वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजा जगवानी, एडवोकेट एवं मीडिया प्रभारी संदीप जायसवाल तथा महामंत्री रॉबिन पीटर ने भी वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से मुलाकात कर उनका अभिवादन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच हुई इस मुलाकात को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करें, जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखें और आगामी चुनाव को लक्ष्य बनाकर पूरी एकजुटता के साथ कार्य करें। शिविर में लिए गए पांच लाख मतों से नकुलनाथ को विजयी बनाने के संकल्प को कांग्रेस संगठन ने आने वाले समय में अपनी चुनावी तैयारियों के प्रमुख लक्ष्यों में शामिल किया है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छिंदवाड़ा में वर्षों से कायम संगठनात्मक मजबूती को आगे बढ़ाने के लिए वरिष्ठ नेताओं के अनुभव और युवा कार्यकर्ताओं की सक्रियता का समन्वय आवश्यक है। कार्यकर्ताओं ने भी नेतृत्व के समक्ष अपने संकल्प को दोहराते हुए आगामी चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटने की बात कही।
इस पूरे आयोजन ने कांग्रेस संगठन के भीतर चुनावी तैयारियों को लेकर सक्रियता और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संदेश दिया है। अब देखना होगा कि प्रशिक्षण शिविर में तय किए गए लक्ष्य और कार्यकर्ताओं की जमीनी सक्रियता आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए किस प्रकार राजनीतिक परिणाम में परिवर्तित होती है।


