नन्ही बिटिया आरिका तिवारी ने फहराया तिरंगा,जागृति कॉलोनी में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस।

 नन्ही बिटिया आरिका तिवारी ने फहराया तिरंगा,जागृति कॉलोनी में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस।

बेटियों के नेतृत्व में हुआ ध्वजारोहण,सर्वधर्म समभाव और सामाजिक समरसता का दिया संदेश।

कटनी। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिलक कॉलेज रोड स्थित जागृति कॉलोनी में सर्वधर्म जनसेवा समिति के प्रांतीय कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम की खास बात यह रही कि परंपरा के अनुरूप इस वर्ष भी ध्वजारोहण बेटियों के हाथों कराया गया। नन्हीं बिटिया आरिका तिवारी ने तिरंगा फहराकर देश की आन-बान-शान का प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।

कार्यक्रम स्थल को स्वतंत्रता दिवस की भावना के अनुरूप आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रंग-रोगन, रंग-बिरंगे गुब्बारों और फूलों से की गई विशेष सजावट ने पूरे परिसर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम में अनुसूचित जनजातीय बालक छात्रावास के अधीक्षक ए.के. मेहरा का विशेष सराहनीय सहयोग रहा, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सर्वधर्म जनसेवा समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश सैनी ने की।

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में भरत सिंह, वयोवृद्ध मातृशक्ति रामबाई पटेल एवं प्रमोद कुमार पटेल सहित अमित निषादराज विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात नन्हीं बिटिया आरिका तिवारी ने तिरंगा फहराया। तिरंगा फहराते ही उपस्थित लोगों ने भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी तथा रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। इसके बाद राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया।

इस अवसर पर समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का रोली-तिलक एवं बैज लगाकर स्वागत और सम्मान किया। उन्होंने कहा कि देश का तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। हमारे देश के वीर जांबाज सपूतों का कफन भी तिरंगा है और प्रत्येक देशवासी की जान में तिरंगे के प्रति सम्मान और देशभक्ति का भाव बसता है।

अधीक्षक ए.के. मेहरा ने कहा कि सर्वधर्म समभाव और सामाजिक समरसता ही हमारे भारत की वास्तविक पहचान है। तिरंगा देश की एकता, अखंडता और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीर सपूतों के त्याग और बलिदान का स्मरण कराता है, जिनके संघर्ष से देश को आजादी मिली।

समारोह में बेटियों के हाथों ध्वजारोहण कराए जाने को उपस्थित लोगों ने विशेष रूप से सराहा। आयोजन के माध्यम से बेटियों के सम्मान, देशभक्ति, स्वच्छता और सामाजिक एकता का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को मिष्ठान वितरित किया गया और एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post