तैय्यब नगर में शान से फहराया तिरंगा,देशभक्ति के रंग में रंगा मदरसा तैय्यबूल उलूम।

 तैय्यब नगर में शान से फहराया तिरंगा,देशभक्ति के रंग में रंगा मदरसा तैय्यबूल उलूम।

स्वतंत्रता दिवस पर झंडा वंदन, राष्ट्रगीत,देशभक्ति रैली और बच्चों ने प्रस्तुत किए शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम।

कटनी। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के मुबारक मौके पर अंजुमन इस्लामिया कमेटी के जानिब से मदरसा तैय्यबूल उलूम, तैय्यब नगर में राष्ट्रीय पर्व पूरे जोशो-खरोश, उत्साह और अकीदत के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति, आपसी भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का संदेश प्रमुखता से देखने को मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद जनाब इकबाल निजाम पवार के जानिब से ध्वजारोहण के साथ हुई। तिरंगा शान से लहराते ही उपस्थित लोगों में देशभक्ति का जज्बा देखने को मिला। इसके पश्चात तमाम उपस्थित लोगों ने मिलकर राष्ट्रगीत गाया और मुल्क की तरक्की, खुशहाली, अमनो-अमान तथा आपसी भाईचारे के लिए दुआ की।

ध्वजारोहण के बाद वार्ड क्रमांक 15 में देशभक्ति और भाईचारे के पैगाम के साथ रैली निकाली गई। रैली में वार्ड के सदर, मदरसा के सदर, मस्जिद के हाफिज साहब, वार्ड क्रमांक 15 के सम्मानित नागरिकों सहित मदरसा तैय्यबूल उलूम में तालीम हासिल कर रहे बड़ी संख्या में बच्चे शामिल हुए। रैली के दौरान बच्चों और नागरिकों में खासा उत्साह नजर आया। देशभक्ति से जुड़े संदेशों के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय एकता, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया गया।

रैली के समापन के बाद मदरसा तैय्यबूल उलूम में बच्चों के लिए देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। मदरसे में तालीम हासिल कर रहे बच्चों ने अपनी काबिलियत और मुख्तलिफ प्रतिभाओं का शानदार मुज़ाहिरा करते हुए विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों में देश के प्रति प्रेम, आजादी के महत्व और राष्ट्रीय एकता की भावना साफ तौर पर नजर आई। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों का दिल जीत लिया और उपस्थितजनों ने तालियों के साथ उनका हौसला बढ़ाया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि मुल्क की आजादी हमारे लिए एक अजीम नेमत है। यह आजादी हमें अनेक वीरों के त्याग, बलिदान और संघर्ष के बाद हासिल हुई है। इसलिए हम सभी की जिम्मेदारी है कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने के साथ समाज में अमन, भाईचारा और आपसी सद्भाव कायम रखने में अपना योगदान दें।

स्वतंत्रता दिवस के इस आयोजन ने तैय्यब नगर में देशभक्ति के साथ-साथ सामाजिक एकता और भाईचारे की खूबसूरत मिसाल पेश की। कार्यक्रम का समापन देश की तरक्की, खुशहाली, अमन और एकता की कामना के साथ हुआ।

Post a Comment

Previous Post Next Post