थाना विजयराघवगढ़ में शांति समिति की बैठक,त्योहारों की सुरक्षा और आपदा प्रबंधन पर हुई चर्चा।

 थाना विजयराघवगढ़ में शांति समिति की बैठक,त्योहारों की सुरक्षा और आपदा प्रबंधन पर हुई चर्चा।

ईद,रक्षाबंधन और कजलिया पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील,नागरिकों से मिले महत्वपूर्ण सुझाव।

विजयराघवगढ़। आगामी ईद, रक्षाबंधन एवं कजलिया पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना विजयराघवगढ़ परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं अनुभागीय अधिकारी विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धार्वे के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।

बैठक में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, नायब तहसीलदार विजयराघवगढ़ श्री शुक्ला सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, धर्मगुरु, शांति समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य आगामी त्योहारों के दौरान क्षेत्र में आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित करना रहा।

बैठक के दौरान आगामी त्योहारों के अवसर पर निकलने वाले जुलूस, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों से विभिन्न विषयों पर सुझाव भी लिए गए तथा त्योहारों के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर विचार-विमर्श किया गया।

नायब तहसीलदार श्री शुक्ला ने उपस्थित नागरिकों से आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में यदि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित जानकारी सामने आती है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

बैठक में उपस्थित शांति समिति के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों ने आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन और पुलिस को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

वहीं आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए बैठक में आपदा प्रबंधन को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा की गई। थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने जलभराव एवं बाढ़ की संभावित परिस्थितियों को लेकर नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने अपील की कि नदी-नालों में पानी का बहाव बढ़ने अथवा पुल-पुलियों के ऊपर पानी आने की स्थिति में किसी भी हालत में सड़क पार करने का प्रयास न करें। उन्होंने वर्षा ऋतु में सर्पदंश की घटनाओं को लेकर भी लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि सर्पदंश की घटना होने पर समय गंवाए बिना पीड़ित को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जाए और चिकित्सकीय उपचार शुरू कराया जाए।

थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के साथ-साथ आमजन की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। नागरिकों के सहयोग और आपसी समन्वय से ही त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया जा सकता है।

बैठक के अंत में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने उपस्थित सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, शांति समिति के सदस्यों एवं पत्रकारों का आभार व्यक्त किया। बैठक में सौहार्दपूर्ण वातावरण में आगामी त्योहारों को संपन्न कराने तथा किसी भी आपदा की स्थिति में प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करने का संकल्प लिया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post