बेटे को बचाने दौड़े पिता की भी खाई में गिरकर मौत,मां ने भी लगाई छलांग,एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत।
पारिवारिक विवाद के बाद पहाड़ी पर पहुंचा युवक,करीब तीन घंटे तक परिजनों और ग्रामीणों ने समझाया,बचाने की कोशिश में पिता-पुत्र खाई में गिरे,पति और बेटे को गिरता देख मां ने भी उठाया खौफनाक कदम।
छत्रपति संभाजीनगर। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पारिवारिक विवाद के बाद पहाड़ी क्षेत्र में पहुंचे एक युवक को बचाने की कोशिश में उसके पिता की भी जान चली गई। पति और बेटे को खाई में गिरता देखकर मां ने भी कथित तौर पर पहाड़ी से छलांग लगा दी। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार छत्रपति संभाजीनगर के तिसगांव क्षेत्र स्थित खवड्या डोंगर में यह दर्दनाक घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि परिवार में किसी बात को लेकर विवाद होने के बाद करीब 18 से 19 वर्षीय युवक पहाड़ी क्षेत्र में पहुंच गया था। स्थिति को देखते हुए परिवार के सदस्यों के साथ ग्रामीणों, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने भी उसे समझाने का प्रयास किया। करीब तीन घंटे तक युवक को समझाने और सुरक्षित नीचे लाने की कोशिश की जाती रही।
लोगों ने युवक से अपने भविष्य और परिवार के बारे में सोचने की अपील की। काफी देर तक समझाइश के बावजूद जब स्थिति सामान्य नहीं हुई तो उसके पिता मुरलीधर चांदगुडे भी बेटे के पास पहुंचे और उसे बचाने तथा पीछे खींचने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और पिता-पुत्र गहरी खाई में जा गिरे।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि पति और बेटे को खाई में गिरते देखकर मां संगीता भी बेहद विचलित हो गईं और उन्होंने भी पहाड़ी से छलांग लगा दी। इस तरह कुछ ही समय के अंतराल में परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। काफी प्रयासों के बाद खाई से शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना के पीछे की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार युवक के महंगे मोबाइल फोन और उसकी किस्तों को लेकर परिवार में विवाद की बात सामने आई है। हालांकि पूरे घटनाक्रम के पीछे की वास्तविक वजह और विवाद की परिस्थितियों को लेकर पुलिस जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर जैसे ही क्षेत्र में फैली, वहां शोक की लहर दौड़ गई। जिस परिवार में कुछ समय पहले तक सामान्य जिंदगी चल रही थी, वहां अचानक तीन लोगों की मौत से परिजनों और परिचितों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई तथा घटना से पहले परिवार और युवक के बीच क्या बातचीत हुई थी। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पारिवारिक विवाद के दौरान धैर्य और संवाद बनाए रखने की आवश्यकता को सामने ला दिया है।


