जन्मदिन को बनाया सेवा का पर्व,आंगनबाड़ी के नौनिहालों को पाठ्य सामग्री भेंट कर दिया शिक्षा का संदेश।

 जन्मदिन को बनाया सेवा का पर्व,आंगनबाड़ी के नौनिहालों को पाठ्य सामग्री भेंट कर दिया शिक्षा का संदेश।

बड़वारा के अवधेश पुरी गोस्वामी ने बच्चों के बीच मनाया जन्मदिन,पहाड़ा चार्ट,पेंसिल और चॉकलेट वितरित कर समाज को दी प्रेरणादायक सीख।

बड़वारा। आज के समय में जहां जन्मदिन के अवसर पर होटल, पार्टी और दिखावे का चलन तेजी से बढ़ रहा है, वहीं बड़वारा निवासी अवधेश पुरी गोस्वामी ने अपने जन्मदिन को समाजसेवा और शिक्षा के प्रति समर्पण का माध्यम बनाकर एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने अपना जन्मदिन आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1, पथवारी में नन्हे-मुन्ने बच्चों के बीच सादगी और सेवा भाव के साथ मनाया।

इस अवसर पर अवधेश पुरी गोस्वामी ने आंगनबाड़ी केंद्र में अध्ययनरत बच्चों को पाठ्य सामग्री, पहाड़ा चार्ट, पेंसिल एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की। साथ ही सभी बच्चों को चॉकलेट देकर उनके साथ जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और उत्साह देखते ही बन रहा था। बच्चों ने भी अपने अंदाज में जन्मदिन की शुभकामनाएं देकर इस अवसर को यादगार बना दिया।

अवधेश पुरी गोस्वामी ने कहा कि बच्चों के बीच समय बिताना और उनकी शिक्षा में छोटा-सा सहयोग करना उनके जीवन के सबसे सुखद क्षणों में से एक है। उनका मानना है कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जन्मदिन या किसी विशेष अवसर पर जरूरतमंद बच्चों की सहायता करने का संकल्प ले, तो समाज में शिक्षा और मानवीय संवेदनाओं को नई दिशा मिल सकती है।

कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं बच्चों के अभिभावक भी उपस्थित रहे। सभी ने अवधेश के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक सोच विकसित करते हैं तथा लोगों को सेवा, सहयोग और शिक्षा के प्रति जागरूक होने की प्रेरणा देते हैं। उपस्थित लोगों ने इसे समाज के लिए अनुकरणीय पहल बताते हुए अन्य युवाओं से भी ऐसे कार्यों में आगे आने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अवधेश पुरी गोस्वामी के पिता गणेशपुरी गोस्वामी ने भावुक शब्दों में कहा कि उन्हें अपने पुत्र पर गर्व है। उन्होंने कहा कि उनकी ईश्वर से यही प्रार्थना है कि उनका बेटा जीवनभर समाजसेवा, संस्कार और धर्म के मार्ग पर चलता रहे तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता कर मानवता की सेवा करता रहे।

कार्यक्रम का समापन बच्चों को शुभकामनाएं देने तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ। उपस्थित सभी लोगों ने अवधेश पुरी गोस्वामी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सफल एवं समाजहित में निरंतर सक्रिय रहने की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post