वीरांगना महारानी अवंती बाई लोधी की 195वीं जयंती पर निकली विशाल बाइक रैली।
ढीमरखेड़ा क्षेत्र में गूंजे वीरांगना के जयकारे,युवाओं ने बाइक रैली निकालकर शौर्य,त्याग और बलिदान को किया नमन।
ढीमरखेड़ा। अमर शहीद वीरांगना महारानी अवंती बाई लोधी की 195वीं जन्म जयंती के अवसर पर कटनी जिले के ढीमरखेड़ा तहसील क्षेत्र में लोधी क्रांति सेना संगठन के नेतृत्व में भव्य एवं विशाल बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं, वरिष्ठजनों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरे मार्ग में वीरांगना अवंती बाई लोधी के जयकारों से वातावरण गूंजायमान रहा।
विशाल बाइक रैली का शुभारंभ ग्राम पिंडरई से हुआ। यहां से बाइक सवारों का काफिला जनदर्शन करते हुए ढीमरखेड़ा पहुंचा। इसके बाद रैली देवरी, सनकुई, मुरवारी और गनियारी होते हुए आगे बढ़ी। विभिन्न स्थानों पर स्थापित वीरांगना अवंती बाई लोधी एवं शहीद हरि लोधी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कई स्थानों पर राष्ट्रगान के साथ वीरांगना के जयकारे लगाए गए।
रैली का मुख्य संचालन लोधी क्रांति सेना संगठन के प्रदेश मीडिया प्रभारी इंद्र कुमार लोधी के नेतृत्व में किया गया। रैली में शामिल युवाओं में विशेष उत्साह और जुनून देखने को मिला। बड़ी संख्या में बाइक सवार अनुशासित तरीके से रैली के साथ आगे बढ़ते रहे और वीरांगना अवंती बाई लोधी के शौर्य, स्वाभिमान एवं देशभक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
गनियारी के बाद बाइक रैली अवंती बाई तिराहा, दाशरमन पहुंची। यहां वीरांगना अवंती बाई लोधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके पश्चात रैली सुनारखेड़ा और सिलौड़ी होते हुए अवंती बाई तिराहा, कछार गांव बड़ा पहुंची। यहां भी वीरांगना की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके त्याग, शौर्य और बलिदान को नमन किया गया।
रैली के दौरान जगह-जगह समाजजनों और युवाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। बाइक रैली के माध्यम से वीरांगना अवंती बाई लोधी के साहस, स्वाभिमान, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति की गौरवगाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। युवाओं ने वीरांगना के आदर्शों पर चलने और समाज में एकता एवं जागरूकता का संदेश देने का संकल्प भी व्यक्त किया।
कछार गांव बड़ा में माल्यार्पण कार्यक्रम के बाद सभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए लोधी क्रांति सेना संगठन के प्रदेश मीडिया प्रभारी इंद्र कुमार लोधी ने कहा कि वीरांगना अवंती बाई लोधी हमारे समाज और देश के गौरव की प्रतीक हैं। उनकी जयंती पर आयोजित यह बाइक रैली उनके शौर्य, त्याग और बलिदान को नमन करने के साथ-साथ युवाओं को उनके आदर्शों से जोड़ने का संदेश है।
उन्होंने कहा कि वीरांगना अवंती बाई लोधी ने विपरीत परिस्थितियों में अदम्य साहस का परिचय देते हुए देश और स्वाभिमान के लिए संघर्ष किया। उनका जीवन आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से उनके संघर्ष और बलिदान की गाथा को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
ढीमरखेड़ा क्षेत्र में निकली इस विशाल बाइक रैली ने वीरांगना महारानी अवंती बाई लोधी की वीरता, त्याग और बलिदान की स्मृतियों को एक बार फिर जन-जन तक पहुंचाया। बड़ी संख्या में युवाओं और समाजजनों की सहभागिता ने आयोजन को भव्य और यादगार बना दिया। कछार गांव बड़ा में सभा संबोधन एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम के साथ भव्य बाइक रैली का विधिवत समापन किया गया।


