वार्ड क्रमांक 15 में जर्जर विद्युत केबल से हादसे का खतरा,रहवासियों ने की तत्काल बदलाव की मांग।

 वार्ड क्रमांक 15 में जर्जर विद्युत केबल से हादसे का खतरा,रहवासियों ने की तत्काल बदलाव की मांग।

घरों के ऊपर झूल रही क्षतिग्रस्त तारें,बरसात में बढ़ा जोखिम,पार्षद इकबाल निजाम पवार ने नगर परिषद को सौंपा ज्ञापन,बंद स्ट्रीट लाइटें चालू कराने की भी उठाई मांग।

नगर परिषद बरही के वार्ड क्रमांक 15 में जर्जर हो चुकी विद्युत केबल एवं तारें स्थानीय रहवासियों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई हैं। ट्रांसफार्मर से लेकर पिन्नू भाई की दुकान एवं घर तक बिछी विद्युत लाइन कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुकी है। तारों में जगह-जगह जोड़ दिखाई दे रहे हैं तथा कई स्थानों पर वे घरों की छतों के ऊपर झूल रही हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लंबे समय से विद्युत लाइन की स्थिति खराब बनी हुई है, लेकिन अब तक संबंधित विभाग द्वारा इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी अधिक भयावह हो जाती है। तेज हवा और बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त तारों के टूटने या शॉर्ट सर्किट होने का खतरा लगातार बना रहता है, जिससे आसपास रहने वाले परिवारों में दहशत का माहौल है।

क्षेत्रवासियों ने बताया कि जर्जर विद्युत लाइन का असर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पर भी पड़ रहा है। वार्ड के कई विद्युत पोलों पर लगी स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी हैं, जिसके कारण रात के समय पूरे क्षेत्र में अंधेरा छाया रहता है। इससे राहगीरों, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है तथा दुर्घटना और असामाजिक गतिविधियों की आशंका भी बनी रहती है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद इकबाल निजाम पवार ने नगर परिषद के विद्युत प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपकर ट्रांसफार्मर से लेकर पिन्नू भाई की दुकान एवं घर तक लगी सभी क्षतिग्रस्त विद्युत तारों और केबलों को तत्काल बदलने की मांग की है। इसके साथ ही वार्ड में बंद पड़ी सभी स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र चालू कराने की भी मांग उठाई गई है, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित एवं बेहतर विद्युत व्यवस्था उपलब्ध हो सके।

पार्षद इकबाल निजाम पवार ने कहा कि यदि समय रहते जर्जर विद्युत तारों और केबलों को नहीं बदला गया तो किसी भी समय गंभीर दुर्घटना घट सकती है, जिससे जन-धन की हानि होने की पूरी संभावना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है।

इधर वार्डवासियों ने भी नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि संभावित दुर्घटना से पहले विद्युत व्यवस्था का सुधार कराया जाए और वर्षों पुरानी हो चुकी जर्जर केबलों को बदलकर सुरक्षित लाइन बिछाई जाए। नागरिकों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होने से न केवल किसी बड़े हादसे को टाला जा सकेगा, बल्कि क्षेत्र में सुचारु विद्युत आपूर्ति और बेहतर प्रकाश व्यवस्था भी सुनिश्चित हो सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post