किसानों के हित में आगे आए विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह,मूंग उपार्जन 100 प्रतिशत कराने और प्रति एकड़ खरीद सीमा हटाने की उठाई मांग।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को लिखा विस्तृत पत्र,कहा-किसानों को उनकी पूरी उपज का समर्थन मूल्य मिलना चाहिए।
बड़वारा,ग्रामीण खबर MP।
बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रदेश में मूंग उपार्जन व्यवस्था में आवश्यक सुधार की मांग उठाई है। विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा देश के केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान को एक विस्तृत पत्र प्रेषित कर प्रदेश के किसानों की समस्याओं से अवगत कराया है। पत्र में उन्होंने मूंग की 100 प्रतिशत उपज का समर्थन मूल्य पर उपार्जन सुनिश्चित किए जाने तथा वर्तमान में लागू प्रति एकड़ खरीद सीमा को समाप्त करने अथवा वास्तविक उत्पादन के अनुरूप निर्धारित किए जाने की मांग की है।
ढीमरखेड़ा के भाजपा नेता ठाकुर योगेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने अपने पत्र में स्पष्ट उल्लेख किया है कि वर्तमान व्यवस्था के अनुसार प्रति एकड़ केवल एक क्विंटल मूंग की खरीद किए जाने का प्रावधान है। यह व्यवस्था उन किसानों के लिए अत्यंत नुकसानदायक सिद्ध हो रही है जिन्होंने आधुनिक कृषि तकनीकों और कड़ी मेहनत के बल पर अधिक उत्पादन प्राप्त किया है। ऐसे किसानों की बड़ी मात्रा में उपज समर्थन मूल्य पर नहीं बिक पा रही है, जिसके कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल नहीं मिल पा रहा है।
विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने अपने पत्र में कहा है कि प्रदेश का किसान पहले से ही मौसम की अनिश्चितता, उत्पादन लागत में लगातार वृद्धि तथा बाजार की अस्थिरता जैसी अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में यदि उसकी पूरी उपज समर्थन मूल्य पर नहीं खरीदी जाती है तो उसकी आर्थिक स्थिति और अधिक कमजोर होती है। इसलिए किसानों के हित में यह आवश्यक है कि सरकार उनकी संपूर्ण मूंग उपज का समर्थन मूल्य पर उपार्जन सुनिश्चित करे, जिससे उन्हें उनकी मेहनत का उचित मूल्य प्राप्त हो सके।
अपने पत्र में विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री से आग्रह किया है कि किसानों की वास्तविक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए वर्तमान खरीद सीमा को समाप्त किया जाए अथवा उसे प्रति एकड़ वास्तविक उत्पादन के अनुरूप निर्धारित किया जाए। उनका कहना है कि इस निर्णय से किसानों की आय में वृद्धि होगी, आर्थिक संकट कम होगा तथा प्रदेश के किसानों में व्याप्त असंतोष भी दूर होगा। साथ ही इससे किसानों का सरकार के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत होगा।
विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने विश्वास व्यक्त किया है कि प्रदेश और देश के नेतृत्व द्वारा किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस विषय पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा, जिससे हजारों किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि अन्नदाता की मेहनत का सम्मान तभी संभव है जब उसकी पूरी उपज का उचित मूल्य उसे समय पर प्राप्त हो।
विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह द्वारा किसानों के हित में उठाए गए इस महत्वपूर्ण कदम की जानकारी क्षेत्र में पहुंचते ही किसानों और भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का वातावरण देखने को मिला। सिलौड़ी मंडल अध्यक्ष मनीष सिंह बगरी, उमरिया पान मंडल अध्यक्ष आशीष चौरसिया, ढीमरखेड़ा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र त्रिपाठी, सिलौड़ी मंडल उपाध्यक्ष अमित राय, धीरज जैन, अंकित झरिया, राकेश यादव, प्रदीप तातु चौरसिया, प्रमोद गुप्ता, भरत शुक्ला, सरपंच अनिल बागरी, संदीप सोनी, नंदकुमार नामदेव सहित बड़ी संख्या में किसानों एवं जनप्रतिनिधियों ने विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह के इस प्रयास का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। किसानों का कहना है कि यदि विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह की मांग पर सरकार सकारात्मक निर्णय लेती है तो प्रदेश के हजारों मूंग उत्पादक किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी।

