वंशकार समाज की बैठक में गरीब कन्याओं के सामूहिक विवाह और नशा मुक्ति अभियान पर बनी सहमति।

 वंशकार समाज की बैठक में गरीब कन्याओं के सामूहिक विवाह और नशा मुक्ति अभियान पर बनी सहमति।

12 गांवों के प्रतिनिधियों ने शिक्षा,सामाजिक उत्थान और युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने के लिए सामूहिक प्रयासों पर किया विचार-विमर्श।

सिलौंडी,ग्रामीण खबर MP।

वंशकार समाज के सामाजिक उत्थान, शिक्षा के प्रचार-प्रसार तथा गरीब परिवारों की कन्याओं के विवाह को लेकर आयोजित आवश्यक बैठक में समाज के प्रमुख जनों ने विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में समाज के लोगों ने गरीब कन्याओं के सामूहिक विवाह आयोजन, बच्चों की शिक्षा तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।

बैठक में सिलौंडी, दशरमन, संनकुई, रामपुर, ढीमरखेड़ा, झिन्ना, पिपरिया, ठिर्री, खमरिया, खमतरा सहित आसपास के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में वंशकार समाज के लोग उपस्थित हुए। समाज के वरिष्ठजनों और युवाओं ने एक मंच पर एकत्र होकर समाज की वर्तमान चुनौतियों और उनके समाधान पर अपने विचार रखे।

बैठक को संबोधित करते हुए 12 गांवों के महतो संतोष वंशकार ने कहा कि समाज के विकास की आधारशिला शिक्षा है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने तथा उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक होकर प्रगति के नए आयाम स्थापित कर सकता है।

उन्होंने समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और पूरे समाज को कमजोर बनाता है। युवाओं को नशे से दूर रखने तथा उन्हें शिक्षा, रोजगार और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने की आवश्यकता है। इसके लिए समाज स्तर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी चर्चा की गई।

बैठक में गरीब एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की कन्याओं के सामूहिक विवाह आयोजन को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि सामूहिक विवाह जैसी सामाजिक पहल से जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी तथा समाज में आपसी सहयोग और एकता की भावना मजबूत होगी। इसके लिए समाज के सभी लोगों से सहयोग एवं सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में समाज के अनेक गणमान्य नागरिकों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए सामाजिक एकजुटता, शिक्षा के विस्तार, युवा सशक्तिकरण और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन पर बल दिया। वक्ताओं ने कहा कि समाज के विकास के लिए सभी वर्गों को मिलकर कार्य करना होगा तथा नई पीढ़ी को सकारात्मक दिशा देने की जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की है।

बैठक के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने, गरीब परिवारों की सहायता करने, शिक्षा को बढ़ावा देने तथा नशा मुक्ति अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। साथ ही भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन कर समाज को संगठित एवं सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास करने का निर्णय लिया गया।



Post a Comment

Previous Post Next Post