जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत पथवारी में बावड़ी उत्सव का भव्य आयोजन,जल संरक्षण का लिया गया सामूहिक संकल्प।

 जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत पथवारी में बावड़ी उत्सव का भव्य आयोजन,जल संरक्षण का लिया गया सामूहिक संकल्प।

कलश यात्रा,गंगा आरती और जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को जल संरक्षण का दिया गया संदेश।

पथवारी,ग्रामीण खबर MP।

मध्य प्रदेश शासन द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत पथवारी में स्थित पंच जल कुंड धाम झिरिया परिसर में तृतीय चरण के अंतर्गत बावड़ी उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन तथा पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करना रहा। पूरे आयोजन में ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।

यह कार्यक्रम जिला समन्वयक डॉ. तेजसिंह केशवाल के निर्देशन में आयोजित किया गया। जन अभियान परिषद बड़वारा की ब्लॉक समन्वयक नंदिनी वाटिया के मार्गदर्शन में नवांकुर संस्था अंचला ग्राम विकास समिति धनवारा एवं प्रस्फुटन समिति के सहयोग से आयोजित इस आयोजन की शुरुआत कलश यात्रा से हुई। इसके पश्चात पंच जल कुंड धाम में विधि-विधान से गंगा आरती संपन्न कर जल संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।

कार्यक्रम के दौरान जल बचाओ अभियान के अंतर्गत सांस्कृतिक एवं संगीत आधारित जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से ग्रामीणों को जल के महत्व, वर्षा जल संचयन तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति प्रेरित किया गया। उपस्थित नागरिकों ने जल की प्रत्येक बूंद को अमूल्य बताते हुए उसके संरक्षण का संकल्प लिया।

आयोजन के समापन अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन एवं वर्षा जल संचयन को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की सामूहिक शपथ ग्रहण की। वक्ताओं ने कहा कि यदि आज जल संरक्षण के लिए प्रभावी प्रयास नहीं किए गए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह जल के संरक्षण एवं संवर्धन में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत पथवारी के पूर्व सरपंच फूलगिरी गोस्वामी, वर्तमान सरपंच प्रतिनिधि अमर राज सिंह ठाकुर, नवांकुर संस्था प्रमुख रघुवीर सिंह, उजाला फाउंडेशन महगवां बरछैका से हरभगत सिंह, मानव जीवन विकास समिति बिजोरी से नवांकुर संस्था प्रभारी गुलशन रूहेल, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता शुभा गोस्वामी, CMCLDP के छात्र सचिन सिंह चौहान, संजय पाटकर, अपेक्षा भुमिया, खुशबू सिंह, प्रियंका सिंह, नवांकुर प्रमुख प्रियंका रजक तथा मानव जीवन विकास समिति से रामसखा पाल सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

इसके अलावा ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति पथवारी के अध्यक्ष गणेशपुरी गोस्वामी, सचिव शिवराज केवट, सदस्य संतोष दहिया, कृष्ण कुमार यादव, मंगल सिंह, वार्ड पंच मीराबाई, रजनी गोस्वामी, जानकी गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण, छात्र-छात्राएं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

कार्यक्रम का सफल संचालन जन अभियान परिषद द्वारा किया गया। अंत में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष गणेशपुरी गोस्वामी ने सभी ग्रामीणों से वर्षा जल संचयन को अपनाने, पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण में सहयोग करने तथा जल बचाने के लिए जन-जन को प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही जल संरक्षण का यह अभियान जनआंदोलन का रूप ले सकेगा और भविष्य की पीढ़ियों के लिए सुरक्षित जल संसाधन उपलब्ध कराए जा सकेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post