उमरियापान में दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात पिकअप ने दो युवकों को रौंदा,मौके पर ही दोनों की मौत।
बनहरी-मडे़रा मार्ग पर देर रात हुआ भीषण हादसा,छोटा कछारगांव के दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़,अज्ञात चालक की तलाश में जुटी पुलिस।
उमरियापान,ग्रामीण खबर MP।
थाना उमरियापान क्षेत्र अंतर्गत रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। ग्राम बनहरी और मडे़रा के बीच मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार रात लगभग 9:30 बजे ग्राम बनहरी-मडे़रा मार्ग पर सल्लू चक्रवर्ती के घर के सामने यह भीषण दुर्घटना हुई। बताया जा रहा है कि एक अज्ञात पिकअप वाहन का चालक तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान ग्राम छोटा कछारगांव निवासी शिवचरण चौधरी (22 वर्ष) तथा सुनील उर्फ कल्लू कोल (35 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों युवक किसी कार्य से बाहर गए हुए थे और वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
हादसे की जानकारी मृतकों के परिजनों तक पहुंचते ही घरों में मातम छा गया। परिजन और ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे तो वहां का दृश्य अत्यंत हृदयविदारक था। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों युवक अपने परिवार के जिम्मेदार सदस्य थे और उनकी असामयिक मृत्यु से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतक शिवचरण चौधरी के परिजन शुभलाल चौधरी की शिकायत पर उमरियापान पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 एवं 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ फरार वाहन एवं उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।
इस दर्दनाक दुर्घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मुख्य मार्गों पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिसके कारण दुर्घटनाओं की संख्या में भी वृद्धि हो रही है। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय करने, यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने तथा दोषी चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
दो युवकों की असमय मौत से ग्राम छोटा कछारगांव सहित आसपास के गांवों में शोक का माहौल है। पूरे क्षेत्र में लोग मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी वाहन चालक को चिन्हित कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।

