विश्व पर्यावरण दिवस पर मानवाधिकार परिषद की अनूठी पहल,“एक पेड़ अपनी माँ के नाम” अभियान के तहत मुक्तिधाम में हुआ पौधारोपण।

 विश्व पर्यावरण दिवस पर मानवाधिकार परिषद की अनूठी पहल,“एक पेड़ अपनी माँ के नाम” अभियान के तहत मुक्तिधाम में हुआ पौधारोपण।

कटनी में जिला एवं संभागीय पदाधिकारियों,मातृशक्ति और समाजसेवियों ने किया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प,छायादार एवं औषधीय पौधे लगाकर दिया हरित संदेश।

कटनी,ग्रामीण खबर MP।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से मानवाधिकार परिषद कटनी जिला एवं संभागीय इकाई द्वारा “एक पेड़ अपनी माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत मुक्तिधाम परिसर में भव्य पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई इस प्रेरणादायी पहल को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पदाधिकारी, समाजसेवी, शिक्षाविद् एवं मातृशक्ति ने सहभागिता निभाई।

कटनी के नदीपार मोड़ स्थित मुक्तिधाम में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना, माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। उपस्थित जनों ने सर्वप्रथम भगवान से सभी के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि एवं पर्यावरण संरक्षण की मंगलकामना की। इसके पश्चात “एक पेड़ अपनी माँ के नाम” अभियान के तहत विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मानवाधिकार परिषद के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामकुमार द्विवेदी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। प्रत्येक नागरिक का यह नैतिक दायित्व है कि वह अपने आसपास स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण में योगदान दे। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण प्रदान किया जा सकता है।

इस अवसर पर मानवाधिकार परिषद संभागीय महिला विंग अध्यक्ष एवं समाजसेवी अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि मुक्तिधाम केवल एक स्थान नहीं, बल्कि जीवन की सच्चाई का प्रतीक है। हमारे धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से भी यह अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है। उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपने पूर्वजों एवं पितृदेवों का स्मरण करते हुए समाज और प्रकृति के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। पौधारोपण न केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का भी प्रतीक है।

कार्यक्रम में मानवाधिकार परिषद के संभाग उपाध्यक्ष अधिवक्ता संजय जैन, संभागीय कोषाध्यक्ष रामप्रकाश शर्मा, अनुसूचित जनजातीय बालक छात्रावास अधीक्षक ए.के. मेहरा, पोस्ट मैट्रिक छात्रावास अधीक्षक हेमंत अटल, जिला महासचिव दीपक कोटक, जिला उपाध्यक्ष प्रकाशचंद जैन, भाजपा जिला युवा उपाध्यक्ष अजय माली, जिला उपाध्यक्ष ब्रजेश अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिकों एवं मातृशक्ति की गरिमामयी उपस्थिति रही।

पौधारोपण अभियान को सफल बनाने में शासकीय हाई स्कूल बड़वारा की शिक्षिका डॉ. उर्मिला साई प्रीत, समाजसेवी लता खरे, मानवाधिकार परिषद महिला विंग जिला उपाध्यक्ष दुर्गा तोमर, नन्ही बेटी तेजस्वी लक्ष्मी रजक तथा युवा सदस्य दुर्गेश सहित अन्य सक्रिय कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा। सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का सफल संचालन मानवाधिकार परिषद कटनी जिला अध्यक्ष अरविंद गुप्ता द्वारा किया गया। उन्होंने संगठन की ओर से उपस्थित सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं सहयोगियों का स्वागत करते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर मानवाधिकार परिषद संभाग उपाध्यक्ष संजय जैन ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात सभी को शीतल एवं मीठे पेयजल का वितरण किया गया। पौधारोपण के इस प्रेरणादायी आयोजन ने पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और मातृ सम्मान के संदेश को जनमानस तक प्रभावी रूप से पहुंचाने का कार्य किया। मानवाधिकार परिषद की इस पहल की उपस्थित नागरिकों ने सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अनुकरणीय बताया।



Post a Comment

Previous Post Next Post