कटनी पुलिस का मानवीय चेहरा आया सामने,भीषण गर्मी में बुजुर्ग महिला की मदद कर पेश की इंसानियत की मिसाल।

 कटनी पुलिस का मानवीय चेहरा आया सामने,भीषण गर्मी में बुजुर्ग महिला की मदद कर पेश की इंसानियत की मिसाल।

ढीमरखेड़ा थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक विजेंद्र तिवारी ने जंगल मार्ग में प्यास और थकान से बेहाल 84 वर्षीय महिला को पानी पिलाकर सुरक्षित घर पहुंचाया,क्षेत्रवासियों ने की सराहना।

कटनी,ग्रामीण खबर MP।

पुलिस का कार्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपने मानवीय दायित्वों का निर्वहन करना भी है। कटनी पुलिस इन दिनों अपने संवेदनशील और मानवीय व्यवहार को लेकर लगातार चर्चा में बनी हुई है। इसी क्रम में ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने लोगों के मन में पुलिस के प्रति विश्वास और सम्मान को और अधिक मजबूत कर दिया है।

पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा द्वारा जिले के सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने नियमित कर्तव्यों के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का भी गंभीरता से पालन करें तथा वृद्धजन, महिलाएं, बच्चे, घायल एवं सामाजिक या शारीरिक रूप से कमजोर व्यक्तियों की हरसंभव सहायता मानवता के आधार पर तत्काल सुनिश्चित करें। पुलिस अधीक्षक के इन निर्देशों का सकारात्मक प्रभाव जिलेभर में देखने को मिल रहा है।

इसी कड़ी में ढीमरखेड़ा थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक विजेंद्र तिवारी द्वारा मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक बुजुर्ग महिला की मदद की गई। जानकारी के अनुसार विगत दिनों बीट भ्रमण के दौरान सहायक उप निरीक्षक विजेंद्र तिवारी ने देखा कि लगभग 84 वर्षीय बुजुर्ग महिला आहतोबाई जंगल के रास्ते से पैदल अपने घर की ओर जा रही थीं। भीषण गर्मी और लंबे समय तक लगातार पैदल चलने के कारण वह अत्यधिक थक चुकी थीं तथा प्यास से व्याकुल होकर सड़क किनारे बैठ गई थीं।

गर्मी का प्रभाव इतना अधिक था कि बुजुर्ग महिला की हालत कमजोर हो गई थी और उनका कंठ सूख गया था। इस स्थिति को देखकर सहायक उप निरीक्षक विजेंद्र तिवारी तुरंत उनके पास पहुंचे और उन्हें पानी पिलाकर राहत पहुंचाई। इसके बाद उनकी स्वास्थ्य स्थिति को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित रूप से उन्हें उनके घर तक पहुंचाया गया।

पुलिस की इस संवेदनशील पहल ने न केवल एक बुजुर्ग महिला को राहत दी, बल्कि समाज में पुलिस की सकारात्मक छवि को भी मजबूत किया है। क्षेत्रवासियों ने इस मानवीय कार्य की खुलकर सराहना करते हुए कहा कि पुलिस का ऐसा व्यवहार लोगों के मन में सुरक्षा, विश्वास और अपनत्व की भावना को बढ़ाता है। लोगों का कहना है कि जब पुलिस अपने कर्तव्यों के साथ मानवता का परिचय देती है, तब समाज में उसका सम्मान और अधिक बढ़ जाता है।

कटनी पुलिस द्वारा लगातार किए जा रहे ऐसे मानवीय कार्य यह साबित करते हैं कि पुलिस केवल कानून की रखवाली ही नहीं करती, बल्कि जरूरतमंदों के लिए मददगार और संवेदनशील साथी की भूमिका भी निभाती है।



Post a Comment

Previous Post Next Post