बिना अनुमति बोरिंग पर कड़ी कार्रवाई,ढीमरखेड़ा पुलिस ने दो वाहन किए जप्त।

 बिना अनुमति बोरिंग पर कड़ी कार्रवाई,ढीमरखेड़ा पुलिस ने दो वाहन किए जप्त।

कलेक्टर के निषेध आदेश का उल्लंघन पड़ा भारी,इटोली गांव में अवैध बोरिंग करते रंगे हाथ पकड़े गए चालक।

ढीमरखेड़ा,ग्रामीण खबर MP।

 कटनी जिले में अवैध बोरिंग पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। थाना ढीमरखेड़ा पुलिस ने बिना वैध अनुमति के बोरिंग करते पाए जाने पर दो वाहनों को जप्त कर संबंधित आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा द्वारा जिले में अवैध बोरिंग करने वालों के विरुद्ध सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए गए थे। उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के निर्देशन में थाना प्रभारी ढीमरखेड़ा निरीक्षक अभिषेक चौबे के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम इटोली में बिना किसी वैध अनुमति के बोरिंग का कार्य किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां बोरिंग कार्य करते हुए दो ट्रक पाए गए। इनमें ट्रक क्रमांक TN28BA-8293 का चालक मनी के. के. तथा ट्रक क्रमांक TN28BA-8300 का चालक रघुनाथ तिवारी शामिल थे, जो बिना अनुमति के अवैध रूप से बोरिंग कर रहे थे।

पुलिस ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को जप्त कर लिया तथा आरोपियों के विरुद्ध धारा 223ए, 3(5) बीएनएस एवं पेयजल अधिनियम 1986 की धाराओं 6 एवं 9 के तहत मामला दर्ज किया गया। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर कटनी द्वारा पूर्व में ही बिना अनुमति बोरिंग पर प्रतिबंध संबंधी निषेध आदेश जारी किया गया है, जिसके उल्लंघन पर यह सख्त कार्रवाई की गई है।

इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी अनिल कुमार पाण्डेय, प्रधान आरक्षक अतुल शर्मा एवं आरक्षक रामसेवक विश्वकर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध बोरिंग या किसी भी प्रकार के गैरकानूनी कार्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी। संपर्क:9977110734











Post a Comment

Previous Post Next Post