भगवान महावीर के जयघोष से गूंजा कछार गांव बड़ा और सिलौंडी,जन्मकल्याणक महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ सम्पन्न।

 भगवान महावीर के जयघोष से गूंजा कछार गांव बड़ा और सिलौंडी,जन्मकल्याणक महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ सम्पन्न।

अहिंसा और “जियो और जीने दो” के संदेश के साथ निकली भव्य शोभायात्राएं,जैन मंदिरों में अभिषेक,शांतिधारा और भक्तामर पाठ से भक्तिमय हुआ वातावरण।

सिलौंडी,ग्रामीण खबर MP।

 भगवान महावीर स्वामी जी का जन्मकल्याणक महोत्सव क्षेत्र में अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। कछार गांव बड़ा और सिलौंडी में इस पावन अवसर पर जैन समाज द्वारा विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।

कछार गांव बड़ा में प्रातःकाल जैन मंदिर से भव्य जिन शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में भगवान महावीर के जीवन और उपदेशों की झांकियां सजाई गईं, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बनीं। “अहिंसा परमो धर्मः” और “जियो और जीने दो” के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालु भक्तिमय भजनों के साथ नगर भ्रमण करते हुए धर्म संदेश का प्रसार करते नजर आए।

शोभायात्रा के उपरांत मंदिर परिसर में भगवान का विधिवत अभिषेक एवं शांतिधारा का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर आत्मिक शांति और मंगलकामना की प्रार्थना की।

इसी प्रकार सिलौंडी में भी सकल दिगम्बर जैन समाज द्वारा विभिन्न मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर एवं श्री चंद्र प्रभु दिगम्बर जैन मंदिर में अभिषेक, शांतिधारा और पूजन-अर्चन सम्पन्न हुआ। वहीं श्री तारण तरण जैन चैत्यालय में मंदिर विधि का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें समाज के सभी वर्गों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

सांयकालीन कार्यक्रमों में भक्तामर स्तोत्र का सामूहिक पाठ किया गया, जिससे वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो गया। इसके पश्चात आरती कर भगवान महावीर के प्रति श्रद्धा अर्पित की गई।

पूरे आयोजन के दौरान जैन समाज में अपार उत्साह देखने को मिला। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने धर्म के इस महापर्व में भाग लेकर भगवान महावीर के अहिंसा, सत्य और करुणा के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

जन्मकल्याणक महोत्सव ने क्षेत्र में धार्मिक और सामाजिक एकता का संदेश देते हुए लोगों को शांति, सद्भाव और नैतिक जीवन जीने की प्रेरणा प्रदान की।

ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी। संपर्क:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post