सिलौंडी में धूमधाम से मनाई गई श्रीरामनवमी,भक्ति और उत्साह का दिखा अद्भुत संगम।
राम मंदिरों में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब,भजन-कीर्तन और रामचरितमानस पाठ से गूंजा क्षेत्र।
सिलौंडी,ग्रामीण खबर MP।
चैत्र मास की नवमी तिथि पर भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के रूप में मनाई जाने वाली श्रीरामनवमी सिलौंडी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पूरे श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक उल्लास के साथ मनाई गई। सिलौंडी, दशरामन, कछार गांव, खमरिया बागरी सहित क्षेत्र के अनेक गांवों में सुबह से ही भक्तिमय वातावरण निर्मित हो गया था।
प्रातःकाल से ही क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सिलौंडी स्थित श्री राम मंदिर, श्री राम बाग, श्री बाला जी मंदिर एवं अवस्थी बाड़ा स्थित श्री राम जानकी मंदिर सहित अन्य देवालयों में दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर परिसर “भये प्रगट कृपाला दीनदयाला कौशिल्या हितकारी…” जैसे भजनों और रामधुन से गूंज उठे, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो गया।
श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की पूजा-अर्चना कर परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर मंदिरों में विशेष पूजन-अर्चन, भजन-कीर्तन तथा रामचरितमानस के पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
दोपहर के समय श्री राम बाग और श्री राम मंदिर में भगवान श्रीराम के जन्म का उत्सव मनाया गया। जैसे ही निर्धारित समय पर भगवान के प्रकट होने की प्रतीकात्मक घड़ी आई, मंदिरों में घंटा-घड़ियाल और जय श्रीराम के उद्घोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा। इसके पश्चात महाआरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखने में स्थानीय स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक चंदन यादव, भाजपा जिला मंत्री डॉ. प्रशांत राय, पूर्व जिला उपाध्यक्ष सुरेश राय, पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रगति राय, ज्ञान चंद्र राय, स्नेहलता राय, राहुल राय, आदित्य राय, पुजारी बालमुकुंद चोबे, भवानी शर्मा, दुर्गा श्रीवास सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
इस प्रकार श्रीरामनवमी का पर्व सिलौंडी क्षेत्र में आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का संदेश देते हुए हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
